नई दिल्ली:देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच पहली बार ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 3 लाख को पार कर गया। शनिवार को 24 घंटे में 3 लाख 8 हजार 522 लोग ठीक होकर घर लौटे। वहीं, 3 लाख 92 हजार 459 नए मरीज मिले, 3,684 लोगों की जान भी चली गई।
इससे पहले शुक्रवार को रिकॉर्ड 4 लाख 1 हजार 911 नए संक्रमितों की पहचान हुई। यह दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिले संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। यही नहीं, यह आंकड़ा सबसे ज्यादा संक्रमित अमेरिका में मिले नए मरीजों से सात गुना है। वहां शुक्रवार को 58,700 केस आए। पूरी दुनिया में 8.66 लाख नए मरीजों की पहचान हुई है। इनमें से लगभग आधे (46%) भारत में ही पाए गए।
मौत के आंकड़ों की बात करें, तो दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें भी भारत में हो रही हैं। बीते दिन दुनिया में कोरोना से 14,285 लोगों की जान गई। इनमें 3,521 मौतें भारत में रिकॉर्ड की गई। यानी दुनिया में बीते 24 घंटे में हुई मौत में हर चौथी मौत भारत में हुई। यहां सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में दर्ज की गई, जहां 828 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.92 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,684
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.08 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.95 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.59 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.15 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 33.43 लाख
कोरोना अपडेट्स
- जर्मनी ने 120 वेंटिलेटर्स शनिवार को भारत भेजे। अगले हफ्ते जर्मनी से 13 टेकनिकल टीम भी एक मोबाइल ऑक्सीजन प्रोडक्शन एंड फिलिंग प्लांट लेकर आएगी। यह भारत में इसके लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करेगी।
- दिल्ली के मैक्स अस्पताल के कोविड वार्ड में काम करने वाले डॉक्टर विवेक राय ने कथित तौर पर सुसाइड कर ली है। वे दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में किराए के मकान में रहते थे। यूपी के गोरखपुर के रहने वाले विवेक की हाल ही में शादी हुई थी। उनकी पत्नी दो महीने की गर्भवती हैं।
- गोवा में बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए सोमवार सुबह से 4 दिनों का लॉकडाउन लगा दिया गया है। राज्य सरकार में मंत्री माइकल लोबो ने बताया कि सुपर मार्केट, सब्जी की दुकानें, किराना दुकानें और मछली शॉप को सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खोलने की छूट दी गई है।
- अमेरिका ने अपने यहां 4 मई से भारतीयों के आने पर रोक लगा दी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अमेरिकी प्रशासन ने यह फैसला किया है।
- वायुसेना ने सिंगापुर से चार क्रायोजेनिक ऑक्सीजन कंटेनर एयरलिफ्ट किए हैं। चार और कंटेनर आज लाए जाएंगे। इसके साथ ही एयरफोर्स ने शुक्रवार को नगालैंड के दिमापुर में ऑक्सीजन प्लांट के लिए जरूरी उपकरण भेजे।
- देशभर में शुक्रवार को 15 करोड़ 48 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज दी गई। आज से देश में 18 से 45 साल की उम्र वालों को वैक्सीन देने की शुरुआत होगी।