कोलकाता:कोरोना के रिकॉर्ड मामलों के बीच 62 दिन चली चुनाव प्रक्रिया के बाद आज बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनाव नतीजे आ रहे हैं। तीन राज्य बंगाल, केरल और असम में बदलाव नहीं दिख रहा है। यानी बंगाल में तृणमूल, केरल में LDF और असम में भाजपा ही सरकार बनाती दिख रही है, जो पहले से थी। हां, तमिलनाडु में जरूर बदलाव होता दिख रहा है। वहां द्रमुक और कांग्रेस सरकार बनाने के करीब है। पुडुचेरी में मामला जरूर फंसा दिख रहा है।
खेला तो नंदीग्राम में होबे
उधर, बंगाल की नंदीग्राम सीट पर सस्पेंस बना हुआ है। पहले न्यूज एजेंसी के हवाले से यह खबर आई कि ममता इस सीट पर कभी अपने भरोसेमंद रहे शुभेंदु अधिकारी से महज 1200 वोटों से जीत गईं। हालांकि, थोड़ी ही देर बाद भाजपा की IT सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि ममता जीती नहीं, बल्कि 1,1622 वोटों से हार गई हैं। उधर, चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, ममता इस सीट से अभी शुभेंदु से 9,862 वोटों से पीछे हैं। शुभेंदु को 62,677 और ममता को 52,815 वोट मिले हैं।
बंगाल में पूरे चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा इसी सीट की रही। तृणमूल छोड़कर भाजपा में आए शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि वे 50 हजार वोटों से जीतेंगे और अगर हार गए तो राजनीति छोड़ देेंगे।
क्या ममता ने भी हार कबूल की?
ममता के बयान से जाहिर हो रहा है कि नंदीग्राम में उनकी हार हुई है। कोलकता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता ने कहा कि नंदीग्राम के बारे में फिक्र मत करिए। मैंने नंदीग्राम के लिए संघर्ष किया। नंदीग्राम के लोग जो भी तय करते हैं, मैं उसे स्वीकार करती हूं। हमने 221 से ज्यादा सीटें जीती हैं, भाजपा चुनाव हार गई है।
4 घंटे में 200 सीटों पर पहुंच गई तृणमूल
बंगाल में चार घंटे में ही तृणमूल कांग्रेस 148 सीटों के बहुमत के आंकड़े (292 सीटों के हिसाब से 147) को पार कर 200 से ज्यादा सीटों पर पहुंच गई। हालांकि, यह आंकड़ा 2016 में तृणमूल को मिलीं 211 सीटों से कम है।
यहां एक जानकारी की बात…1972 से अब तक बीते 49 साल में बंगाल में यह 11वां चुनाव है और जो पार्टी जीत रही है, उसका 200+ सीटों का ट्रेंड बरकरार है। तृणमूल ने 2016 में 211 और 2011 में 228 सीटें जीती थीं। उससे पहले 7 बार लगातार लेफ्ट ने चुनाव जीता। सिर्फ एक बार 2001 में लेफ्ट को 200 से 4 सीटें कम यानी 196 सीटें मिलीं। बाकी चुनावों में लेफ्ट को हमेशा 200 सीटों से ज्यादा सीटें मिलीं।
बंगाल के नतीजों पर भाजपा पर तंज
तृणमूल के राज्य सभा सांसद ने नतीजों के बाद ट्वीट कर भाजपा पर तंज कसा है। इस पोस्ट में उन्होंने एक सूत्र का जिक्र किया है। इसमें एक तरफ भाजपा के साथ, सीबीआई, ईडी, चुनाव आयोग, मीडिया, पैसे और दलबदलुओं का जिक्र किया है। दूसरी ओर ब्रायन ने कहा कि इन सब पर ममता, तृणमूल कार्यकर्ताओं और बंगाल की जनता भारी पड़ी है।
बाकी राज्यों का हाल
अब बाकी राज्यों के हाल जानते हैं। बंगाल के बाद असम के नतीजों पर सबकी नजर है। यहां शुरुआती 2 घंटों के रुझानों में भाजपा+ बहुमत का आंकड़ा पार कर 78 सीटों पर पहुंच गई। उधर, केरल में सत्ताधारी लेफ्ट को आसानी से बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं, तमिलनाडु में अनुमान सही साबित होते दिख रहे हैं। यहां द्रमुक+ रुझानों में 145 सीटों पर पहुंच गया है। पुडुचेरी में भाजपा+ और कांग्रेस+ में शुरुआत में मुकाबला कांटे का दिखा, लेकिन बाद में भाजपा+ आगे निकल गई।