वॉशिंगटन:बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन, पाबंदियों और सरकारों की सख्ती के बावजूद दुनिया में कोरोना की रफ्तार नहीं थम रही है। हालांकि, बीते एक हफ्ते में ज्यादातर देशों में नए केस कम हुए हैं, लेकिन भारत और जापान की वजह से दुनिया में एक दिन में मिलने वाले मरीजों की संख्या अपने पिछले पीक को पार कर गई है। भारत में हर रोज लगातार 3 लाख से ज्यादा केस आ रहे हैं। 25 अप्रैल तक 31 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। मरने वालों की संख्या 30 से 31 लाख होने में महज 9 दिन लगे हैं। बीते 16 अप्रैल को मौतों की संख्या 30 लाख हुई थी।
दुनिया में शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 8.97 लाख लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें भारत की हिस्सेदारी आधी से थोड़ी कम यानी 3.45 लाख मरीजों की रही। इससे पहले 8 जनवरी को दुनिया में सबसे ज्यादा 8.43 लाख केस मिले थे। एक हफ्ते की बात करें तो भारत में 58% मरीज बढ़े हैं। नेपाल में यह बढ़ोतरी 234% रही है। भारत के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में नए केस 13 और ब्राजील में 12% घटे हैं।
भारत में सबसे ज्यादा मरीज आ रहे
भारत में लगातार कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ रहा है। शुक्रवार को यहां रिकॉर्ड 3 लाख 44 हजार 949 नए मरीज मिले। पिछले साल से लेकर अब तक किसी देश में एक दिन में मिले नए मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। शुक्रवार को 2,620 लोगों की संक्रमण से मौत भी हो गई। एक दिन में हुई मौतों का यह नया रिकॉर्ड है।
US में जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन से रोक हटाई
अमेरिका ने जॉनसन एंड जॉनसन की कोरोना वैक्सीन पर लगी रोक को हटा दी है। देश के टॉप हेल्थ रेगुलेटर्स का कहना है कि इस वैक्सीन का इस्तेमाल दोबारा शुरू किया जा सकता है। जॉनसन एंड जॉनसन वैक्सीन पर 11 दिन ब्लड क्लॉट का खतरा बढ़ाने की वजह से रोक लगाई गई थी।
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (CDC) और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने शुक्रवार को कहा कि वैक्सीन की वजह से ब्लड क्लॉट और कम प्लेटलेट का खतरा बहुत कम है। CDC और FDA को 8 मिलियन डोज में से सिर्फ 15 ऐसे केस मिले।
24 अप्रैल से दोबारा दी जा सकेगी वैक्सीन
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, FDA के अधिकारियों का कहना है कि ये फैसला तुरंत लागू होगा, जिसका मतलब है कि 24 अप्रैल से जॉनसन एंड जॉनसन वैक्सीन लोगों को दी जा सकेगी। हालांकि, अब वैक्सीन के साथ एक नई फैक्टशीट दी जाएगी, जिसमें लोगों को ब्लड क्लॉट के खतरे के बारे में चेताया जाएगा।
कच्चे माल पर पाबंदियां हटाने से इनकार
अमेरिका ने एक बार फिर भारत में कोरोना वैक्सीन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के निर्यात पर लगी पाबंदियों को हटाने से इनकार किया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हम भारत के अनुरोध को पूरा करने से पहले अपने नागरिकों को प्राथमिकता देंगे। अमेरिकी लोगों के प्रति हमारी विशेष जिम्मेदारी है।
अब तक 14.68 करोड़ संक्रमित
दुनिया में अब तक 14 करोड़ 68 लाख से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 31 लाख 07 हजार मरीजों की मौत हो चुकी है। 12.45 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1.92 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें एक लाख 9 हजार 685 मरीजों की हालत क्रिटिकल है और 1.91 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 32,756,224 | 585,268 | 25,304,888 |
भारत | 16,951,621 | 192,309 | 14,077,870 |
ब्राजील | 14,238,110 | 386,623 | 12,711,103 |
फ्रांस | 5,473,579 | 102,713 | 4,321,591 |
रूस | 4,753,789 | 107,900 | 4,380,468 |
तुर्की | 4,591,416 | 38,011 | 4,022,408 |
ब्रिटेन | 4,403,170 | 127,417 | 4,183,543 |
इटली | 3,949,517 | 119,021 | 3,369,048 |
स्पेन | 3,468,617 | 77,591 | 3,163,849 |
जर्मनी | 3,277,661 | 82,117 | 2,882,300 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)