नई दिल्ली:लंबे समय बाद हम सभी के लिए राहत की खबर है। देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की रफ्तार में एक दिन के अंदर 111.20% का इजाफा हुआ है। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 2 लाख 20 हजार 382 लोग रिकवर हुए हैं। अब तक दुनिया में एक दिन के अंदर ठीक होने वाले मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 1 लाख 98 हजार 180 लोग ठीक हुए। बुधवार को 1.92 लाख लोग रिकवर हुए थे।
हालांकि, चिंता की बात ये है कि कोरोना के नए मरीजों के मिलने की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को देश में रिकॉर्ड 3 लाख 44 हजार 949 नए मरीज मिले। पिछले साल से लेकर अब तक किसी देश में एक दिन में मिले नए मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। शुक्रवार को 2,620 लोगों की संक्रमण से मौत भी हो गई। एक दिन में हुई मौतों का यह नया रिकॉर्ड है।
केस बढ़ रहे, लेकिन आबादी के लिहाज से रफ्तार सबसे कम
देश में कोरोना के आंकड़ों में भले ही काफी तेजी देखने को मिली हो, लेकिन आबादी के लिहाज से देखें तो अभी भारत काफी अच्छी स्थिति में है। इस मामले में हम दुनिया में 119वें नंबर पर हैं, जहां सबसे ज्यादा केस आ रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार भारत में हर 10 लाख की आबादी में 11,936 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं और 136 लोगों की मौत हो रही है। इतनी ही आबादी में अमेरिका में 98,000 बहरीन में 96,000, इजराइल में 91,000, फ्रांस में 83,000, बेल्जियम में 82,000, स्पेन में 74,000 और ब्राजील में 66,000 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। यहां आबादी के हिसाब से मौत के आंकड़े भी काफी अधिक हैं। इससे साफ है कि भारत में अभी संक्रमण काफी काबू में है। अगर थोड़ी सावधानी और सतर्कता रखें तो इसे और कम किया जा सकता है।
एक्टिव मरीज अब 25 लाख के पार
देश में एक्टिव केस यानी ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है, उनकी संख्या आज 25 लाख के पार हो गई है। अभी देश में ऐसे 25 लाख 43 हजार 914 मरीज हैं जिनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार को इसमें 1 लाख 21 हजार 770 की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.44 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौत: 2,620
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.20 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.66 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.38 करोड़
अब तक कुल मौत: 1.89 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 25.43 लाख
कोरोना अपडेट्स
- रेमडेसिविर इंजेक्शन की प्रोडक्शन कैपेसिटी 90 लाख वायल प्रति महीने बढ़ाई जा रही है। पहले यह 40 लाख वायल था। जल्द ही हर रोज 3 लाख वायल का प्रोडक्शन होने लगेगा। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंंडाविया ने इसकी जानकारी दी।
- अहमदाबाद पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि शहर में 950 बेड वाला धनवंतरी कोविड हॉस्पिटल शनिवार से शुरू हो जाएगा। इसमें 250 ICU बेड हैं। अभी 1,200 बेड और 600 ICU बेड वाला हॉस्पिटल टाटा ट्रस्ट की मदद से बनाया जाना है।
- रक्षा मंत्रालय ने शॉर्ट सर्विस कमीशन वाले डॉक्टरों का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2021 तक बढ़ा दिया है। कोरोना के चलते डॉक्टरों की कमी को देखते हुए इन डॉक्टरों को सर्विस में एक्सटेंशन दिया गया है। इससे सेना के अस्पतालों में 238 डॉक्टर अतिरिक्त उपलब्ध हो सकेंगे।
- अस्पतालों में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जगह कम पड़ने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का बयान आया है। उन्होंने कहा, ‘देशवासियों से मेरा निवेदन है कि सब धैर्य बनाकर रखें। जिसे जरूरत है वे ही अस्पताल जाएं। 98-99% मरीजों को शायद अस्पताल जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती है। वे घर में ही ठीक हो सकते हैं और अधिकांश मरीज घर में भी ठीक हो रहे हैं। जरूरत पड़ने पर ही अस्पताल जाएं।’