नई दिल्ली:बेहद बुरी खबर है। भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। थोड़ी राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। 19 लाख 23 हजार 877 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।
हालात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हर दिन कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच, 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया।
79.25% नए मरीज अकेले 10 राज्यों में मिले
रविवार को कोरोना के 79.25% मामले देश के 10 राज्यों बढ़े। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 68,631, उत्तर प्रदेश में 30,566, दिल्ली में 25,462, कर्नाटक में 19,067, केरल में 18,257, छत्तीसगढ़ में 12,345, मध्यप्रदेश में 12,248, तमिलनाडु में 10,723, राजस्थान में 10,514 और गुजरात में 10,340 केस मिले। इन्हीं राज्यों में सबसे ज्यादा लोगों की मौतें भी हुई हैं। महाराष्ट्र में 503 लोगों ने दम तोड़ दिया। दिल्ली में 161 और उत्तर प्रदेश में 127 मौतें दर्ज की गईं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.74 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,620
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.43 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.50 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.29 करोड़
- अब तक कुल मौत: 1.78 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 19.23 लाख
कोरोना अपडेट्स
- केंद्र सरकार ने राज्यों को एक निर्देश जारी किया है। हेल्थ मिनिस्ट्री ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि नाइट कर्फ्यू, लॉकडाउन और अन्य पाबंदियों के बीच वैक्सीनेशन प्रभावित नहीं होना चाहिए। वैक्सीनेशन से जुड़ लोगों के सेंटर तक पहुंचाने में किसी भी तरह की दिक्कत न हों राज्य सरकारें इसका ध्यान रखें।
- बिहार में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसके साथ ही स्कूल, सिनेमा हॉल और धार्मिक स्थलों को 15 मई तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। दूसरे राज्यों से हर दिन हजारों लोग बिहार लौट रहे हैं। इससे रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ हो रही है। इससे भी संक्रमण का खतरा है।
- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अप्रैल के अंत में होने वाली JEE मेन 2021 परीक्षा टाल दी है। परीक्षा के दो सेशन फरवरी और मार्च में आयोजित किए जा चुके हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बीच स्टूडेंट्स और पेरेंट्स की मांग की वजह से एजेंसी ने 10 दिन पहले परीक्षा स्थगित कर दी। परीक्षाएं 27 से 30 अप्रैल तक आयोजित की जानी थी। एग्जाम की नई डेट्स फिलहाल तय नहीं हैं, लेकिन इसका ऐलान परीक्षा से 15 दिन पहले कर दिया जाएगा।
- दिल्ली में कोरोना के हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग साढ़े 25 हजार केस आए हैं। चिंता की बात है कि पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर करीब 30% हो गई है। मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।
- केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के बेड बहुत तेजी से खत्म हो रहे हैं, ICU बेड की काफी कमी हो गई है। पूरी दिल्ली में 100 से भी कम ICU बेड बचे हैं। ऑक्सीजन की भी काफी कमी है। हम लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में हैं और हमें केंद्र सरकार से मदद मिल रही है।
- दिल्ली सरकार ने हरिद्वार कुंभ में शामिल होने वाले लोगों के लिए टेस्ट, ट्रेसिंग और आइसोलेशन को अनिवार्यता से लागू करने के आदेश दिए हैं। इसके तहत 4 अप्रैल के बाद हरिद्वार कुंभ से लौटने वाले लोगों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन होना पड़ेगा।