वॉशिंगटन:दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन दुनिया में कोरोना के 7.83 लाख मरीजों की पहचान हुई। इस दौरान 11,574 लोगों की मौत भी हुई। सबसे ज्यादा मामले अब भी भारत में आ रहे हैं। यहां शनिवार को 2.60 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई। इसके बाद ब्राजील में 65,792 और अमेरिका में 63,581 नए मामले सामने आए। इसके अलावा तुर्की में 62,606 और फ्रांस में 35,861 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
उधर, ब्राजील से फ्रांस आने वाले लोगों के लिए नए नियमों का ऐलान कर दिया गया है। फ्रांस में मिले ब्राजीली वैरिएंट के केसों के बाद ब्राजील से यहां आने वाले लोगों को 10 दिन क्वारैंटाइन में रहना होगा। यह नियम 24 अप्रैल से लागू होगा। प्रधानमंत्री ऑफिस ने इस बात की जानकारी दी।
इजराइल में पाबंदियों में ढील
इजराइल ने देश में कोरोना की वजह से लगाई गई पाबंदियों में ढील देने की शुरुआत हो चुकी है। यहां खुले स्थानों पर मास्क पहनने की अनिवार्यता को रविवार से खत्म कर दिया गया है। फिलहाल बंद स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा। यहां अब तक 57.5% आबादी को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है।
अब तक 14.13 करोड़ संक्रमित
दुनिया में अब तक 14 करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30 लाख 23 हजार मरीजों की मौत हो चुकी है। 11.99 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1.83 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें एक लाख 6 हजार 886 मरीजों की हालत क्रिटिकल है और 1.82 लाख लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 32,372,119 | 580,756 | 24,905,332 |
भारत | 14,782,461 | 177,168 | 12,805,094 |
ब्राजील | 13,900,134 | 371,889 | 12,344,861 |
फ्रांस | 5,260,182 | 100,593 | 4,081,014 |
रूस | 4,693,469 | 105,193 | 4,319,389 |
UK | 4,385,938 | 127,260 | 4,145,810 |
तुर्की | 4,212,645 | 35,608 | 3,643,734 |
इटली | 3,857,443 | 116,676 | 3,235,459 |
स्पेन | 3,407,283 | 76,981 | 3,129,234 |
जर्मनी | 3,137,907 | 80,526 | 2,765,100 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)