सिरदला (नवादा)। सिरदला पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के बरदाहा बाजार में नदी किनारे स्थित एक घर से युवक का शव बरामद किया। यह शव भोला कुरहा निवासी सरयू चौधरी के पुत्र लक्षमण चौधरी का था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम से मौत का सही कारण सामने आएगा।
फंदे से लटका मिला लक्ष्मण चौधरी का शव
बताया जाता है कि पुलिस को करीब छह बजे सुबह में युवक की मौत की खबर मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष ने पहुंचकर एक घर से लक्ष्मण चौधरी का शव बरामद किया। मृतक की पत्नी रीता देवी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से लक्ष्मण ने उसे व बच्चों को छोड़ दिया था। तब से वह एक विधवा महिला के घर रहते थे। पति के खिलाफ उसने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। लेकिन इसके बावजूद पति घर नहीं लौटे। रीता देवी के अनुसार पति को महिला व उसके दामाद समेत अन्य ने मिलकर मार डाला है।
आठ वर्षों से पत्नी-बच्चों को छोड़कर रहता था एक विधवा के साथ
बताया जाता है कि करीब 18 वर्ष पहले लक्ष्मण चौधरी की शादी सिरदला थाना क्षेत्र के बालुकुरहा गांव के महावीर चौधरी की पुत्री रीना देवी से हुई थी। उसके तीन बच्चे अंकुश कुमार, अंकित कुमार व निशा कुमारी हैं। लक्ष्मण बाइक मरम्मत करता था। बाद में एक विधवा महिला से उसकी नजदीकी बढ़ी तो वह पत्नी-बच्चे को छोड़कर उसके घर में ही रहने लगा। इस दौरान दो टेंपो खरीदकर उसे भारे पर चलाता था।
घर के सभी सदस्य थे फरार
पिता सरयू चौधरी ने बताया कि ढाई बजे रात मेरे पुत्र के मोबाइल से उसी महिला ने कॉल किया। कहा कि आपके बेटे ने फांसी लगा ली है लेकिन अभी मरा नहीं है। यह सुनकर पुलिस को सूचना देते हुए जब हमलोग वहां पहुंचे तो देखा कि पुत्र पंखे से लटक रहा था। कहीं-कहीं खून भी गिरा हुआ था। उस वक्त घर में कोई सदस्य नहीं थे। थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि स्थानीय लोगो से आवश्यक जानकारी ली गई है।