ब्रासीलिया:दुनिया में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित देश ब्राजील में महामारी की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 3 लाख के पार पहुंच गया है। बीते दिन यहां 2244 लोगों की मौत हुई और अब तक संक्रमण की वजह से कुल 3 लाख एक हजार 87 लोगों की जान जा चुकी है। ब्राजील के अलावा अमेरिका में महामारी की वजह से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं, यहां 5.58 लाख लोग जान गंवा चुके हैं।
वहीं, दुनिया में रोजाना मिलने वाले केसों में भारत तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में 90 हजार से ज्यादा नए केसों के साथ ब्राजील पहले, 60 हजार से ज्यादा मामलों के साथ अमेरिका दूसरे और 53 हजार से ज्यादा केसों के साथ भारत तीसरे स्थान पर है।
चीन में 8 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन
स्टेट काउंसिल की कोविड-19 रिस्पोंस इंटर एजेंसी टास्क फोर्स के नए आंकड़ों के अनुसार 22 मार्च तक पूरे चीन में कोविड-19 वैक्सीन के 8 करोड़ से ज्यादा डोज लगाए जा चुके हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने टास्क फोर्स का हवाला देते हुए कहा कि देश की आबादी में लगातार वृद्धि हो रही है। अगले चरण में, कोविड-19 से हायर रिस्क वाले लोगों को फ्री वैक्सीन देने की योजना बना रहा है। जो अब तक का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन कार्यक्रम होगा।
बीते 24 घंटों में 5 लाख से ज्यादा मामले
पिछले 24 घंटे में दुनिया भर में 5.83 लाख लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इस दौरान 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई। दुनिया में अब तक 12.54 करोड़ लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 10.12 करोड़ लोग रिकवर हुए और 27.56 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 2.13 करोड़ मरीज कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 30,649,548 | 557,072 | 23,041,715 |
ब्राजील | 12,136,615 | 298,843 | 10,601,658 |
भारत | 11,783,751 | 160,687 | 11,228,539 |
रूस | 4,483,471 | 96,219 | 4,098,400 |
UK | 4,312,908 | 126,382 | 3,712,658 |
फ्रांस | 4,313,073 | 92,908 | 283,507 |
इटली | 3,440,862 | 106,339 | 2,773,215 |
स्पेन | 3,234,319 | 73,744 | 2,992,848 |
तुर्की | 3,091,282 | 30,462 | 2,881,643 |
जर्मनी | 2,692,618 | 75,761 | 2,445,300 |
(ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।)