मुंबई:महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की दूसरी लहर जारी है, फिर भी लोग कोरोना नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बीएमसी भारी जुर्माना लगा रहा है और अब तक इसने सिर्फ मास्क नहीं पहनने वालों से 40 करोड़ से अधिक जुर्माना कलेक्ट कर लिया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने रविवार को बताया कि उसने अप्रैल 2020 से 21 मार्च, 2021 तक 20 लाख लोगों से 40 करोड़ रुपये एकत्र किए, जिन्होंने कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए अनिवार्य फेस मास्क नियम का उल्लंघन किया।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 30,535 नए केस दर्ज किए गए हैं, वहीं इस वायरस के प्रकोप से 11,314 लोग रिकवर हुए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटों में 99 लोगों मौत भी हुई है। इस तरह कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 24,79,682 हो गई है, जिसमें 2,10,120 सक्रिय मामले हैं और 2214,867 लोग ठीक हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में इस खतरनाक वायरस से अब तक मरने वालों का आंकड़ा 53,399 पार हो चुका है। राज्य में मृत्यु दर अब 2.15 प्रतिशत है। वहीं, मुंबई की बात करें तो बीते 24 घंटे में यहां 3775 नए मामले दर्ज किए गए हैं। मुंबई में कोरोना का यह नया रिकॉर्ड है इस साल। मुंबई में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 3,62,654 हो गई है।