मुंबई के गैंगवार और गैंगस्टर्स पर कई फिल्म बन चुकी हैं। इसी विषय पर रिलीज हुई फिल्म ‘मुंबई सागा’ भी आधारित है। एक गैंगस्टर बनने के हालातों से लेकर गलत रास्ता चुनने पर अंत में उसकी परिणिति को निर्देशक संजय गुप्ता ने बखूबी परदे पर पेश किया है। फिल्म में जॉन अब्राहम, सुनील शेट्टी, इमरान हाशमी, काजल अग्रवाल, गुलशन ग्रोवर, रोहित रॉय मुख्य भूमिका में हैं।
कहानीः एक सीधा साधा युवा अमर्त्य राव (जॉन अब्राहम) घर परिवार को चलाने के लिए सब्जी का ठेला लगाता है लेकिन यहां का गुंडा गायतोंडे (अमूल गुप्ते) अपने गुर्गों से वहां हफ्ता वसूली करवाता है। उसी दौरान गुंडे अमर्त्य के छोटे भाई अर्जुन (प्रतीक बब्बर) पर हमला कर देते हैं। जिससे दुखी होकर अमर्त्य हथियार उठा लेता है और शहर का डॉन बनने निकल पड़ता है। शहर पर राज करने का सपना लेकर अमर्त्य माफिया मुरली शंकर (सुनील शेट्टी) के पास मदद के लिए जाता है, तो मुरली शंकर उसे दांव पेंच बताता है और उसके बाद वह अपराध की दुनिया में पांव जमाने लगता है। इस बीच अपने भाई को वह शादी करवाकर विदेश भेज देता है ताकि उसके ऊपर इस काली दुनिया का साया न पड़ सके लेकिन कुछ दिन बाद अर्जुन अपने भाई के जन्मदिन पर सरप्राइज देने मुंबई लौटता है तो उसी दौरान यहां का मशहूर मिल मालिक राजेश मेहरामी (समीर सोनी) अर्जुन पर जानलेवा हमला करवा देता है जिसके बदले अमर्त्य अपने साथियों के साथ जाकर उसकी हत्या कर देता है जिससे बुरी तरह नाराज मिल मालिक पत्नी मुंबई पुलिस को चैलेंज करते हुए अमर्त्य को मारने वाले को 10 करोड़ का ईनाम देने की बात कहती है। उसके बाद मुंबई पुलिस का एनकाउंटर स्पेशलिस्ट विजय सावरकर (इमरान हाशमी) उसके पीछे हाथ धोकर पड़ जाता है। फिल्म में महेश मांजरेकर महाराष्ट्र के एक पावरफुल लीडर की भूमिका में किस तरह राजनीति, प्रशासन के साथ ही गैंगस्टरों पर भी नियंत्रण रखता है , जानने के लिए तथा जॉन अब्राहम, इमरान हाशमी का जबरस्त फाइटिंग देखने के लिए एक बार थिएटर जाएं। एक्शन से भरपूर फिल्म ‘मुंबई सागा’ इससे पहले इस विषय पर बनी फिल्मों से कमजोर है लेकिन जॉन अब्राहम, इमरान हाशमी, महेश मांजरेकर, काजल अग्रवाल आदि ने काफी दमदार भूमिका निभाए हैं।
निर्देशन/अदाकारी/गीतः बात निर्देशन की करें तो संजय गुप्ता इस तरह की फिल्मों के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं, लेकिन वे उम्मीदों उतने खरे नहीं उतरे हैं, जितना पिछले फिल्मों में प्रभावित किया था। एक्शन में जान डाली है लेकिन कुछ सीन निराश करते हैं। फिर भी फिल्म बुरी नहीं है। अदाकारी में जॉन का किरदार जिस तरह से मजबूत है, उसी तरह उन्होंने जिया भी है। एन्काउंटर स्पेशलिस्ट के रोल में इमरान हाशमी ने बढ़िया रोल किया है। महेश मांजरेकर, गुलशन ग्रोवर, सुनील शेट्टी, प्रतीक बब्बर, अमोल गुप्ते, रोहित रॉय, काजल अग्रवाल, समीर सोनी ने भी अपने किरदार के साथ न्याय किया है। फिल्म में गाने कुछ खास नहीं है। बावजूद इसके हनी सिंह का एक गाना काफी धूम धड़ाके वाला है लेकिन वह अपना छाप छोड़ने में नाकाम है।
कुल मिलाकर फिल्म थिएटर जाकर देखने लायक बनी है। ‘सुरभि सलोनी’ की तरफ से ‘मुंबई सागा’ को 3 स्टार।
- दिनेश कुमार ([email protected])