वॉशिंगटन:ब्राजील में कोरोना की दूसरी लहर में तेजी शुरू हो गई है। 21 करोड़ की आबादी वाले इस देश में अब तक 88 लाख 16 हजार 254 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। मतलब देश की आबादी में कुल 4.13% लोग संक्रमण की चपेट में हैं। इनमें 76 लाख 28 हजार 438 लोग अब तक ठीक हो हुए हैं, जबकि 2.16 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है। पहले के मुकाबले दूसरी लहर में ज्यादा तेजी से संक्रमण फैल रहा है। पहली लहर के पीक में एक दिन में सबसे ज्यादा 70 हजार नए मरीज मिले थे। इस बार अब तक एक दिन में 87 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं।
10 करोड़ का आंकड़ा पार होगी
दुनिया में कोरोना के मरीजों की संख्या 9.99 करोड़ हो गई है। कुछ देर में ये आंकड़ा 10 करोड़ पर पहुंच सकता है। इनमें से सात करोड़ से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। एशियाई देशों में जहां, कोरोना के मामलों में कमी देखी जा रही है वहीं, यूरोप और अमेरिका को अभी राहत नहीं मिली है। दुनिया में सबसे ज्यादा डेथ रेट वाले पांच देशों में अमेरिका के अलावा चारों देश यूरोप के हैं।
एक लाख लोगों में कोरोना से मौत के मामले में ब्रिटेन सबसे आगे हैं। इसके बाद चेक रिपब्लिक, इटली, अमेरिका और स्पेन हैं। इस लिस्ट में भारत 19वें नंबर पर है। यहां एक लाख की आबादी में सिर्फ 11 मौतें हुई हैं। ब्रिटेन में पिछले सात दिनों से हर रोज 1000 से ज्यादा मौतें हो रही हैं। एक दिन में सबसे ज्यादा 1820 मौतें पिछले बुधवार को दर्ज की गई हैं।
जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, महामारी शुरू होने के बाद से अब तक UK में कुल 96,166 मौतें हुई हैं। हैरानी की बात यह है कि अमेरिका और ब्रिटेन समेत ज्यादातर यूरोपीय देशों में वैक्सीनेशन की शुरुआत हो चुकी है। दुनिया में अब तक 21 लाख 30 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
श्रीलंका को जल्द मिलेगी ऑक्सफोर्ड वैक्सीन की पहली खेप
श्रीलंका को जल्द ही ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका वैक्सीन की पहली खेप मिल जाएगी। इसके तहत छह लाख डोज मिलेंगे। राष्ट्रपति राजपक्षे ने शनिवार को कहा कि सबसे पहले मेडिकल ऑफिसर्स, पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर्स और दूसरे हेल्थकेयर वर्कर्स को वैक्सीन दी जाएगी। इसके बाद तीनों सेनाओं के कर्मचारी और प्रायोरिटी वाले ग्रुप्स को वैक्सीन मुहैया कराई जाएंगी।
इस बीच, देश में वैक्सीनेशन का ट्रायल किया गया। श्रीलंका में अभी कोरोना के 56,863 केस हैं। यहां 278 लोगों की मौत हुई है।
वॉशिंगटन में नए स्ट्रेन के दो मरीज मिले
अमेरिका के वॉशिंगटन में ब्रिटेन के नए वैरिएंट के दो मरीज मिले हैं। हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक, शुक्रवार तक देश के 22 राज्यों में नए स्ट्रेन के 195 केस मिल चुके हैं। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, यह वायरस अब तक 60 देशों में पहुंच चुका है।
कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 25,566,789 | 427,635 | 15,330,949 |
भारत | 10,655,435 | 153,376 | 10,316,096 |
ब्राजील | 8,816,254 | 216,475 | 7,628,438 |
रूस | 3,698,273 | 68,971 | 3,109,315 |
UK | 3,617,459 | 97,329 | 1,616,307 |
फ्रांस | 3,035,181 | 72,877 | 216,725 |
स्पेन | 2,603,472 | 55,441 | N/A |
इटली | 2,455,185 | 85,162 | 1,871,189 |
तुर्की | 2,424,328 | 24,933 | 2,301,861 |
जर्मनी | 2,137,689 | 52,536 | 1,795,400 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)