मास्को: रूस में विपक्षी कार्यकर्ता एलेक्सेई नवलनी की गिरफ्तारी से उपजा आक्रोश निरंतर बढ़ता जा रहा है। शनिवार को रूस की सड़कों पर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी निकल पड़े और गिरफ्तारी का विरोध किया। इस बाबत रूस के कई शहरों में रैलियों का आयोजन किया गया। अल जजीरा के मुताबिक रूसी पुलिस ने 2000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। हाल के वर्षों में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ इसे सबसे लंबा विरोध प्रदर्शन बताया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान 39 अधिकारी घायल
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल का भी प्रयोग किया। कई स्थानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। पुलिस ने स्पुतनिक को बताया कि मॉस्को के पुश्किनकाया स्क्वायर में शनिवार को कुछ 4,000 प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे। मॉस्को में 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पीटर्सबर्ग में 162 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पानी के बोतलों और अंडों से पुलिस बल पर निशाना बनाया। इससे कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं हैं। मॉस्को में विरोध प्रदर्शन के दौरान 39 अधिकारी घायल हो गए हैं।
नवालनी के समर्थन में पूरे रूस में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान रूसी पुलिस ने अब तक 2000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। राष्ट्रपति पुतिन के विरोधी नवालनी ने रविवार को अपनी गिरफ्ताीर के बाद प्रदर्शनों का आह्वान किया था। नवालनी के कई सहयोगियों को शनिवार को प्रदर्शन के पूर्व हिरासत में लिया गया है।