मुंबई:महाराष्ट्र में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराधों के मामले में सख्त कार्रवाई करने के लिए शक्ति एक्ट लाया जाएगा। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक संयुक्त चयन समिति को चुनाव गया है, बैठक पहले ही हो चुकी है। उन्होंने कहा कि समिति आज नागपुर आई थी। अब यह औरंगाबाद और मुंबई जाएगी। गृह मंत्री ने कहा कि हम महिला संगठनों की राय और सुझाव भी लेंगे। हमने वकील संगठन को भी आमंत्रित किया है। सुझाव आने के बाद समिति उनसे चर्चा करेगी और फिर निर्णय लेगी।
बता दें कि महाराष्ट्र के नासिक में एक 13 साल की बच्ची से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मामले में अब तक पुलिस ने 7 को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों में 5 पुरुष हैं और एक महिला। मामले में एक नाबालिग लड़के को भी पुलिस ने पकड़ा है।
यह वारदात शनिवार को नासिक रोड इलाके में हुई थी। पीड़िता के माता-पिता जब काम से रात को घर लौटे तो उन्हें अपनी बेटी घर पर नहीं मिली। बाद में बच्ची रोते हुए मिली। जब मां-बाप ने रोने का कारण पूछा तो लड़की ने पूरा वाकया बताया जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार तड़के 19 से 29 साल के बीच 5 पुरुष आरोपियों और एक नाबालिग को दबोचा। पुलिस ने एक महिला को भी हिरासत में लिया है जिसने कथित तौर पर आरोपियों को दुष्कर्म करने में मदद की थी।