नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके मे बुधवार रात चेकिंग के लिए रोके जाने से नाराज होकर एक बदमाश ने पुलिसकर्मी (सिपाही) को चाकू गोद दिया। इतना ही नही बदमाश उससे हथियार भी छीनने लगा। हमले में सिपाही के हाथ की नस कट गई, इसके अलावा उसके पेट में भी गंभीर चोट आई। खुद को बचाने के लिए सिपाही ने पहले आत्मरक्षा में हवा में गोली चलाई, इसके बाद बदमाश पर गोली चला दी। पेट में गोली लगने के बाद घायल बदमाश सागर उर्फ चंपा और सिपाही मुकेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
15 दिन पहले ही सागर जेल से बाहर आया था। उस पर करीब दर्जन भर अपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इलाके का घोषित बदमाश भी है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त प्रवक्ता अनिल मित्तल ने बताया कि बुधवार रात को चौखंडी, बी-ब्लॉक, तिलक नगर में सिपाही मुकेश और दीपक ड्यूटी पर तैनात थे। दोनों वाहन चालकों की जांच कर रहे थे। इस दौरान मुकेश ने जांच के लिए सागर को रुकने का इशारा किया।
रुकते ही आरोपी ने चाकू निकालकर सिपाही के हाथ की नस काट दी। इसके अलावा उसके पेट में भी चाकू मार दिया। इसके बाद सिपाही से हथियार भी छीनने लगा। लेकिन,घायल होने के बाद भी मुकेश ने हिम्मत नहीं हारी और पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग की। बाद में उसने सागर पर सीधे गोली चला दी। गोली उसके पेट में लगी। खबर मिलते ही थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही मुकेश और बदमाश सागर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। खबर लिखे जाने तक जिले के कई आला अधिकारी मौके पर थे। घटना तिलक नगर इलाके मे स्थित चौखंडी, बी ब्लॉक की है। देर रात चेकिंग के दौरान हुई।