जमशेदपुर:राजस्थान, गुजरात, ओडिशा समेत कई राज्यों में मरीज मिलने के बाद अब जमशेदपुर में भी जीका वायरस का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य मुख्यालय रांची के आदेश पर जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूर्वी सिंहभूम में भी जीका वायरस को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
दरअसल जीका वायरस एडीसी मच्छर से फैलने वाली बीमारी है और राज्य में मच्छरजनित बीमारियों का सर्वाधिक प्रकोप जमशेदपुर में ही होता है। इसलिए इतने एहतियात बरते जा रहे हैं।
अस्पतालों को निर्देश: जिला सर्विलांस विभाग की ओर से जिले के सभी अस्पतालों को आदेश जारी किया गया है कि अगर जीका वायरस का कोई मरीज आता है तो स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिकता से सूचना दी जाये।
स्टेशन पर लगेगा जांच शिविर : दुर्गा पूजा को लेकर शहर में सैलानियों की आवक काफी बढ़ जाती है। ऐसे में जीका वायरस के प्रकोप के मद्देनजर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राजस्थान, गुजरात व ओडिशा से आने वाले यात्रियों की विशेष जांच करने का आदेश दिया गया है।
होगा व्यापक छिड़काव : जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल ने बताया कि जीका वायरस एडीसी मच्छर द्वारा काटने से फैलता है। ऐसे में वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए सभी स्थानों पर व्यापक पैमाने पर छिड़काव करने व सर्च अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अबतक जिले में एक भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। पर सभी एहतियात बरते जा रहे हैं।
जीका वायरस बेहद खतरनाक : जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल ने बताया कि जीका वायरस बेहद खतरनाक होता है। अगर यह किसी गर्भवती महिला को होता है तो यह स्वयं ही उसके गर्भस्थ शिशु को भी हो जाता है। जिससे बच्चे के सिर का विकास रूक सकता है और वर्टिकली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन भी सकता है। इसलिए अगर किसी भी प्रकार का लक्षण दिखता है तो गर्भवती महिला इसकी तुरंत जांच करवाएं। ताकि जच्चा-बच्चा दोनों को बचाया जा सके।
बीमारी : जीका वायरस
कारण : आरएनए वायरस ग्रसित एडीज मच्छर द्वारा दिन के वक्त में काटने से
लक्षण : बुखार, रैसेज, कंजक्टिवाइटिस (आंख आना), मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना व सिर दर्द
बचाव : सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें, किसी भी स्थान पर जलजमाव न होने दें, बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
राजस्थान, ओडिशा समेत इन राज्यों में मंडराया जीका वायरस का खतरा, अलर्ट जारी
Leave a comment
Leave a comment