नई दिल्ली:देश में वैक्सीनेशन ड्राइव जल्द शुरू होने की उम्मीदों के बीच एक और राहत की खबर है। महाराष्ट्र में 40 दिन बाद संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 30 से कम रही। सोमवार को 29 मरीजों की मौत हुई। इसके पहले 24 नवंबर को सबसे कम 30 मौतें हुईं थीं। राज्य में सोमवार को 2765 नए कोरोना मरीज मिले। 10 हजार 362 लोग ठीक भी हुए। अब तक यहां 19 लाख 47 हजार 11 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 47 हजार 361 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 49 हजार 695 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 48 हजार 801 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
चेन्नई के लग्जरी होटल में एकसाथ 20 लोग संक्रमित मिले
चेन्नई के लग्जरी होटल ICT के बाद अब एक और लग्जरी होटल में कोरोना ब्लास्ट हुआ है। यहां भी एकसाथ 20 होटल स्टाफ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला प्रशासन ने पूरे होटल को कोविड-19 हॉट स्पॉट में बदल दिया है। इसके पहले ICT में एकसाथ 85 और IIT मद्रास में 200 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं।
कोरोना अपडेट्स
- भारत बायोटेक के एमडी डॉ. कृष्णा एल्ला ने कहा कि वैक्सीन पर सियासत हो रही है। कुछ लोग हमारी वैक्सीन के बारे में केवल गॉसिप कर रहे हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। हमारे पास वैक्सीन बनाने का अनुभव है। डॉ. एल्ला ने कहा, ‘मैं ये स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरे परिवार का कोई भी सदस्य किसी भी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़ा है।’ आगे उन्होंने ICMR के साथ मिलकर हमने इसे तैयार किया है और ये 200% सुरक्षित है। ट्रायल्स में 10% से भी कम साइड इफेक्ट देखने को मिला है, जबकि दूसरी वैक्सीन के 60 से 70% साइड इफेक्ट हैं।
- देश में कोरोना के नए स्ट्रेन के मामले बढ़कर 38 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार को 9 लोगों में कोरोना के नए वेरिएंट की पुष्टि हुई। हालांकि किस राज्य में कितने मरीज मिले हैं, इसकी जानकारी अब तक नहीं दी गई है। वहीं, सरकार का कहना है कि हालात काबू में हैं। हालात से निपटने के लिए केंद्र सारे अरेंजमेंट कर लिए हैं।
- महाराष्ट्र में वैक्सीनेशन ड्राइव की तैयारियों का जायजा लेने लिए सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बैठक की। इसमें उन्होंने अफसरों को ड्राइव के लिए तैयार रहने को कहा। राज्य में कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित मिले 8 केस को लेकर भी चर्चा की।
- कोरोनाकाल में ऑनलाइन क्लास के लिए हरियाणा सरकार ने क्लास 8वीं से 12वीं तक के स्टूडेंट्स को मुफ्त में टैबलेट देने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने बताया कि 8.20 लाख स्टूडेंट्स को स्टडी मटेरियल के साथ टैबलेट दिए जाएंगे।
- एक सर्वे के मुताबिक, 69% पेरेंट्स स्कूल खोलने के पक्ष में हैं। सर्वे में देशभर के 19 हजार पेरेंट्स से स्कूल खोलने को लेकर सवाल पूछे गए थे। इसमें 69% से अपनी अप्रैल के नए एकेडमिक सेशन से स्कूल खोले जाने का फेवर किया है। 26% पेरेंट्स ने कहा कि वैक्सीन अगर अप्रैल तक आ जाती है तभी स्कूल खोले जाने चाहिए।
- चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेटर वीपी सिंह ने कहा कि अब तक चंडीगढ़ के 8830 हेल्थ वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन वैक्सीनेशन के पहले फेज के लिए किया गया है। इसमें प्राइवेट अस्पतालों के हेल्थ वर्कर्स भी शामिल हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नए दशक में ये शुभारंभ देश का गौरव बढ़ाने वाले हैं। नया साल एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आया। वैज्ञानिकों ने एक नहीं दो मेड इन इंडिया वैक्सीन तैयार करने में सफलता पाई है। देश को वैज्ञानिकों के योगदान पर गर्व है। दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू होने जा रहा है।
- देश में इलाज करा रहे कोरोना मरीजों की संख्या, यानी एक्टिव केस 2.42 लाख हो चुके हैं। बीते एक हफ्ते से इसमें हर दिन औसतन 4778 की कमी आ रही है। 5 राज्य ही ऐसे हैं, जहां 10-10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इनमें केरल 65 हजार 277 मरीजों के साथ टॉप पर है। 54 हजार 317 एक्टिव केस के साथ महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है।