नई दिल्ली:देश में ब्रिटेन में मिले ज्यादा खतरनाक कोरोना स्ट्रेन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। 13 नए मरीज किस प्रदेश से हैं यह अभी साफ नहीं हो सका है। कल मिले सात मरीजों में से 1-1 यूपी, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना, जबकि तीन कर्नाटक के हैं।
देश में मंगलवार को कोरोना के 20 हजार 529 नए केस आए, 26 हजार 572 मरीज ठीक हुए और 285 की मौत हो गई। इस तरह 6339 एक्टिव केस (इलाज करा रहे मरीज) कम हो गए। अब 2.60 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। दो दिन में 15 हजार 350 एक्टिव केस कम हुए हैं। हालात यही रहे तो अगले दो दिन में 10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस कम हो सकते हैं, तब यह आंकड़ा 2.50 लाख से नीचे आ जाएगा। उधर, देशभर में कोरोना टेस्टिंग का कुल आंकड़ा 17 करोड़ के पार हो गया है।
अब तक कुल 1.02 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 98.33 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, 1.48 लाख संक्रमित जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को कोरोना पर वीकली रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि कोरोना से सबसे ज्यादा 63% पुरुष संक्रमित हुए हैं। कुल संक्रमितों में 37% महिलाएं हैं।
- उम्र के हिसाब से देखें तो 8% मरीजों की उम्र 17 साल से कम है। 18 से 25 साल के 13%, 26 से 44 साल के 39%, 45 से 60 साल के 26% और 60 साल से अधिक के 14% लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना से जान गंवाने वाले 70% पुरुष और 30% महिलाएं हैं।
- राजेश भूषण ने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन आने की खबर सामने आने से पहले देशभर में पांच हजार जिनोम सीक्वेंस की गई है। अब यह संख्या बढ़ाई जा रही है।
- 9 दिसंबर से 22 दिसंबर के बीच भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में अगर लक्षण मिलते हैं और वह संक्रमित पाए जाते हैं तो उनके सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए ICMR के लैब भेजे जाएंगे।
- अगर ऐसे यात्रियों में लक्षण नहीं पाए जाते तो उनको पांचवें और दसवें दिन RT-PCR टेस्ट करके चेक किया जाएगा। अभी तक केवल ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के बारे में ऐसे दिशा-निर्देश थे।
- ब्रिटेन और साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन पर मौजूदा वैक्सीन असर कर सकती हैं। केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. विजय राघवन ने कहा कि असर नहीं हो ऐसा अब तक कोई प्रमाण नहीं मिला है।
- महाराष्ट्र के एग्रीकल्चर मिनिस्टर दादाजी भूसे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।
- कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ के किसी भी बीच पर 31 दिसंबर की आधी रात से 2 जनवरी तक लोगों की एंट्री पर बैन रहेगी।
- मुंबई में 15 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। BMC ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है।
- चंडीगढ़ में न्यू इयर होटल्स और रेस्टोरेंट्स, हॉल या ग्राउंड में क्षमता से आधे लोग ही इकट्ठा हो सकेंगे। एक जगह 200 से ज्यादा लोग नहीं जुट पाएंगे। प्रशासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।