नई दिल्ली:भारत में भी कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन पहुंच गया है। यहां छह संक्रमितों में यह वायरस मिला है। ये सभी हाल ही में ब्रिटेन से लौटे थे। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल सका है कि ये मरीज कहां पाए गए हैं। इनमें से तीन सैम्पल बेंगलुरु, दो हैदराबाद और एक पुणे के इंस्टीट्यूट भेजे गए थे। ब्रिटेन में मिला यह वायरस 70% ज्यादा तेजी से फैलने वाला माना जा रहा है।
ब्रिटेन में अब तक कोरोना वायरस के ज्यादा खतरनाक दो वैरिएंट मिल चुके हैं। पहला वैरियंट मिला इसके बाद सरकार ने 21 दिसंबर को ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट्स पर रोक लगा दी थी। ये रोक 22 दिसंबर रात 11.59 बजे से 31 दिसंबर रात 11.59 बजे तक लगाई गई। जो लोग इससे पहले फ्लाइट्स से भारत पहुंचे उनका एयरपोर्ट पर ही RT-PCR टेस्ट किया गया था।
कोरोनावायरस में अब तक कैसे बदलाव दिखे
कोरोनावायरस में कई तरह के बदलाव हुए हैं। इनमें से कुछ इस प्रकार है-
- N501Y: ब्रिटेन में यह स्ट्रेन मिला है। इसमें अमीनो एसिड को N लिखा गया है। यह कोरोनावायरस के जेनेटिक स्ट्रक्चर में पोजिशन-501 पर था। इसे अब Y ने रिप्लेस कर लिया है।
- P681H: नाइजीरिया में मिले इस कोरोनावायरस स्ट्रेन में पोजिशन-681 पर अमीनो एसिड P को H ने रिप्लेस कर दिया है। अमेरिका के CDC के मुताबिक, इस पोजिशन में बदलाव कई बार हो चुका है।
- HV 69/70: यह स्ट्रेन कोरोनावायरस में पोजिशन-69 और 70 पर अमीनो एसिड्स के डिलीट होने का नतीजा है। फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका में भी वायरस में यह बदलाव दिखा है।
- N439K: ब्रिटेन में कोविड-19 जेनोमिक्स कंसोर्टियम (CoG-UK) के रिसर्चर्स ने इस नए वैरिएंट के बारे में बताया था। इसमें पोजिशन-439 पर स्थित अमीनो एसिड N को K ने रिप्लेस किया है।
देश में 1.02 करोड़ केस आ चुके, 98 लाख ठीक हुए
देश में सोमवार को सिर्फ 16 हजार 72 केस आए। यह आंकड़ा 23 जून के बाद सबसे कम है। तब 15 हजार 656 केस आए थे। बीते 24 घंटे में 24 हजार 822 मरीज ठीक हो गए। 250 मरीजों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस में 9011 की गिरावट आई। अब सिर्फ 2.67 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक कुल 1.02 करोड़ कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 98.06 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.48 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है।