मुंबई: उज्जैन में मायके में रहने वाली पत्नी ने अपने पति पर ही बेटी से गलत हरकतें करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पति ने उसकी बेटी से शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। सोमवार रात करीब आठ बजे बेटी को लेकर मां महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना प्रभारी ज्योति दिखित ने बताया कि मामला मुंबई का है, इसलिए अपराध क्रमांक जीरो पर रिपोर्ट दर्ज कर केस डायरी मुंबई भेजेंगे।
विवेकानंद कॉलोनी में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 16 साल पहले मुंबई में हुई थी। पति सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी करते हैं। उसके एक 15 साल की बेटी है, जो नौंवी कक्षा में मुंबई में ही पढ़ती है। महिला ने बताया कि पति के साथ उसके संबंध ठीक नहीं चल रहे हैं। पति का रवैया हिंसात्मक था। आए दिन मारपीट करते थे। सोचती, धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा। अत्याचार सहन नहीं हुआ, तो बेटी के साथ 17 सितंबर को उज्जैन आ गई।
इस बीच पति ने कई बार वापस आने की कहते हुए दोबारा मारपीट नहीं करने का वादा किया। इसी कारण 25 दिसंबर को वापस मुंबई जाने की प्लानिंग की। बेटी को जब पता चला कि हम लोग फिर से मुंबई जा रहे हैं, तो वह खुश होने के बजाय गुमसुम हो गई। बोली- वह मुंबई नहीं जाना चाहती। महिला ने आगे बताया कि मुझे लगा कि पति मुझे मारते-पीटते हैं, इसलिए बेटी नहीं जाना चाहती है। अगले दिन उसने बेटी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी समझाने के बाद बेटी ने आपबीती बताई।
महिला के मुताबिक बेटी ने बताया कि पापा उसके साथ गलत हरकत करते थे। कभी बेटी की तरह व्यवहार नहीं किया। गंदी हरकत करते थे। प्राइवेट पार्ट को छूते। यह सुनकर मैं दंग रह गई। मेरे साथ पति का व्यवहार ठीक नहीं था, यह तो समझ में आता था, लेकिन बेटी के साथ ऐसा व्यवहार करेंगे, यह कभी नहीं सोचा था।
महिला ने बताया, वह पति के खिलाफ मुंबई पुलिस से दो बार शिकायत कर चुकी है। फिर भी रवैया नहीं बदला। शराब पीकर मारपीट करना आदत बन गई। इस कारण मेरी तबियत अक्सर खराब रहने लगी।