नई दिल्ली:देश में अब केरल इकलौता ऐसा राज्य है जहां सबसे तेज कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। यहां पिछले एक हफ्ते के अंदर 38 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। हर दिन 5 से 6 हजार नए मरीज मिल रहे हैं। एक्टिव केस के मामले में भी केरल अब देश का सबसे बड़ा राज्य हो गया है। यहां अब 61 हजार 487 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में महाराष्ट्र अब दूसरे नंबर पर हो गया है। यहां 58 हजार 376 एक्टिव मरीज हैं।
केरल में अब तक 74.5 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 7 लाख 15 हजार 342 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात है कि अब तक 6 लाख 50 हजार 836 लोग रिकवर भी हो चुके हैं, जबकि 2871 मरीजों की मौत हुई है। पिछले एक हफ्ते में 190 लोगों ने जान गंवाई है।
देश के 31 राज्य-यूटी में 90% से ज्यादा रिकवरी रेट
देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। अब तक 1 करोड़ 76 हजार मरीजों में से 95.63% यानी 96 लाख 36 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। अच्छी बात है कि देश के 33 राज्य और केंद्र शासित राज्यों का रिकवरी रेट भी 90% से ज्यादा है। मतलब इन राज्यों के 90% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं।
इनमें भी 5 राज्य और यूटी दादरा एंड नागर हवेली, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा ऐसे हैं जहां सबसे ज्यादा 98% से ज्यादा संक्रमित अब रिकवर हो चुके हैं। अब हिमाचल प्रदेश और सिक्किम दो ऐसे राज्य बचे हैं जहां रिकवरी रेट 90% से कम है। हिमाचल प्रदेश में अब तक 89% और सिक्किम में 89.6% लोग ठीक हुए हैं।
अब तक 1 करोड़ 97 हजार केस
देश में मंगलवार को 22 हजार 122 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। 24 हजार 424 मरीज ठीक हुए और 299 की मौत हुई। अब तक 1 करोड़ 97 हजार 540 केस आ चुके हैं। इनमें से 96.60 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.46 लाख की मौत हो चुकी है। अब कुल 2.88 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना के नए स्ट्रेन का देश में कोई केस नहीं
केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटेन में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन का फिलहाल देश में कोई केस नहीं है। नीति आयोग के डॉ. वीके पॉल ने बताया कि कोरोना का नया स्ट्रेन काफी तेजी फैलता है। इस म्यूटेशन से मामलों की गंभीरता और फैटेलिटी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
देश में बन रही वैक्सीन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी तक हमारे देश दूसरे देशों में बन रही वैक्सीन की क्षमता पर इसका कोई प्रभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। इससे दहशत में आने की भी कोई जरूरत नहीं है। अभी के लिए हमें सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सबूतों के आधार पर बच्चों में वैक्सीनेशन को लेकर विचार करने का फिलहाल कोई कारण नहीं है।
कोरोना अपडेट्स
- तेलंगाना सरकार ने प्राइवेट लैब में RT-PCR कोविड-19 टेस्ट का शुल्क तय कर दिया है। अब 500 रुपए में ही लोग जांच करा पाएंगे। अगर लैब के कर्मचारी किसी के घर जाकर सैंपल लेंगे तो इसके लिए वह 750 रुपए ले सकेंगे।
- हरियाणा सरकार ने क्लास 1 से 8वीं तक की पढ़ाई ऑनलाइन ही जारी रखने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इन सभी स्टूडेंट्स का मंथली असेसमेंट होगा।
- धरवाड (कर्नाटक) जिले के डीएम नीतेश पटेल ने बताया कि जिले में 5 लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री ब्रिटेन से है। ये लोग कुछ दिनों पहले ही ब्रिटेन से आए हैं। सभी को क्वारैंटाइन करके उनके स्वाब सैंपल टेस्ट के लिए भेज दिए गए हैं।
- केंद्र सरकार ने कहा कि ब्रिटेन में मिले कोरोना के नए म्यूटेशन (वायरस के नए रूप) का देश में कोई केस अब तक नहीं मिला है। सरकार इस पर नजर रख रही है। सारे ऐहतियात बरते जा रहे हैं, ताकि नए स्ट्रेन से बचा जा सके। लोगों से भी अपील है कि वह सावधानी बरतें। वीकली रिपोर्ट पेश करने आए नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने बताया कि अब तक जो वैक्सीन तैयार की गई हैं उस पर भी इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
- एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की है। रकुल ने लिखा, ”मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि मुझे कोरोना संक्रमण हुआ है। मैंने अपने आपको क्वारैंटाइन कर लिया है। मैं ठीक हूं। मैं आराम कर रही हूं ताकि शूट पर वापस आ सकूं। रिक्वेस्ट करती हूं कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वे सभी अपना टेस्ट करवा लें।”
- ब्रिटिश एयरवेज से आने वाले 199 पैसेंजर्स की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह जानकारी डायग्नोस्टिक लैब्स के COO चेतन कोहली ने दी।
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना से जान गंवाने वाले सिविक वालंटियर्स के परिजन के लिए बड़ा ऐलान किया है। इसके मुताबिक ऐसे सिविक वालंटियर्स के परिवार के किसी एक सदस्य को सरकार की तरफ से नौकरी दी जाएगी।
- लंदन में कोरोनावायरस का नया स्ट्रेन मिलने से दहशत है। बीती रात वहां से दिल्ली लौटी एक फ्लाइट में सवार 266 लोगों में से पांच की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके सैम्पल रिसर्च के लिए नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (NCDC) भेजे गए हैं। सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स को आइसोलेशन में रखा गया है। दिल्ली में कोविड-19 के नोडल ऑफिसर ने मंगलवार को यह जानकारी न्यूज एजेंसी को दी।
- इस बीच, मुंबई में भी लंदन से लौटीं दो फ्लाइट के यात्रियों को एयरपोर्ट से सीधे होटल ले जाया गया। उन्हें यहां आइसोलेशन में रखा गया है। हालांकि, कुछ यात्रियों ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि उन्हें इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। लंदन में हाल ही में कोरोना का नया स्ट्रेन (बदला रूप) मिला है। इसे पहले से 70% ज्यादा संक्रामक माना जा रहा है।