नई दिल्ली:देश में कोरोना के केस कुछ राज्यों में भले ही बढ़ रहे हों, लेकिन उसकी तुलना में ज्यादा मरीज ठीक होने की वजह से एक्टिव केस कम होते जा रहे हैं। सोमवार को सिर्फ 37 हजार 164 केस आए, 41 हजार 450 मरीज ठीक हो गए और 450 संक्रमितों की मौत हो गई। एक्टिव केस में 4 हजार 742 की कमी आई। अब कुल एक्टिव केस 5 लाख 4 हजार 916 रह गए हैं।
रोजाना आ रहे केसों पर नजर डालें तो 17 जुलाई के बाद 9 नवंबर को नए केस दूसरी बाद सबसे कम रहे। 17 जुलाई को 34 हजार 824 केस आए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर को 36 हजार 104 केस आए थे।
15 जुलाई को पहली बार 30 हजार से ज्यादा केस आए थे, तब से अब तक 8 बार 40 हजार से कम केस आए
तारीख | केस |
15 जुलाई | 32607 |
16 जुलाई | 35468 |
17 जुलाई | 34824 |
18 जुलाई | 37411 |
21 जुलाई | 39117 |
26 अक्टूबर | 36104 |
02 नवंबर | 37592 |
09 नवंबर | 37164 |
कोरोना अपडेट्स
- कर्नाटक के हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने 17 नवंबर से राज्य में खुल रहे यूनिवर्सिटी, कॉलेज, टेक्निकल इंस्टीट्यूट्स और डिप्लोमा कॉलेज के लिए SOP जारी किया है। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का सभी को पालन करना होगा। स्टूडेंट्स को बुलाने से पहले उनके पैरेंट्स का अनुमति पत्र मंगवाना होगा।
- केजरीवाल सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है जिसमें दिल्ली के निजी अस्पतालों के 80% ICU बेड रिजर्व करने को कहा गया है। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को होगी।
- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को कहा, ‘ऐसा लग रहा है कि दिल्ली में कोरोना केस पीक पर हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह स्थिति अगले 4 से 5 दिन तक बनी रह सकती है। दिल्ली में कोरोना से हो रही मौत की दर 1.59% है।’