मुंबई:पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान (73) की हालत गंभीर है। उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा हुआ है। पिछले ही महीने चेतन चौहान की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में चौहान के पास सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय हैं।
कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चेतन चौहान को किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्याएं शुरू हो गई थी। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। इसी दौरान उनकी कोरोना रिपोर्ट दो बार निगेटिव आने के बाद तीसरी बार पॉजिटिव आई थी।
चेतन दो बार सासंद भी रह चुके
चेतन भाजपा के विधायक हैं। उन्होंने अमरोहा की नौगावां सादात सीट से विधानसभा चुनाव जीता है। चेतन दो बार बीजेपी के लोकसभा सांसद रह चुके हैं। हाल ही में योगी सरकार में शिक्षा मंत्री रहीं कमल रानी वरुण का कोरोना की वजह से निधन हो गया था। साथ ही उत्तरप्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
40 टेस्ट में 2084 रन बनाए
चेतन ने टीम इंडिया के लिए 1969 से 1978 के बीच 40 टेस्ट खेले थे। इसमें उन्होंने 31.54 की एवरेज से 2084 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 97 रन रहा। चेतन ने 7 वनडे में 153 रन बनाए। चौहान और सुनील गावस्कर की ओपनिंग जोड़ी 1970 के दशक में काफी सफल रही थी। दोनों ने मिलकर 10 शतकीय साझेदारी की और 3 हजार से ज्यादा रन बनाए। चेतन घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और महाराष्ट्र की ओर से खेले थे।
दुनिया के कई क्रिकेटर हो भी चुके है कोरोना संक्रमित
चेतन के अलावा विश्व खेल जगत में कई दिग्गज कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी और बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। मुर्तजा सांसद भी है। वहीं इंग्लैंड दौरे पर जाने से पहले पाकिस्तान के 10 क्रिकेटर्स की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनके अलावा टेनिस में वर्ल्ड नंबर-1 सर्बिया के नोवाक जोकोविच और उनकी पत्नी भी संक्रमित हो चुकी हैं।