नई दिल्ली:टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार क्रिकेट महेंद्र सिंह धोनी एक साल से ज्यादा समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। धोनी ने आखिरी मैच 2019 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच खेला था। धोनी जबर्दस्त कप्तान रह चुके हैं, फिनिशर के तौर पर कई मैच टीम को जिता चुके हैं, और मौजूदा समय में शायद ही कोई उनसे बेहतर विकेटकीपर होगा। इस सब बातों के बावजूद अभी तक यह नहीं पता कि क्या धोनी नैशनल टीम में वापसी करेंगे। इस साल आईपीएल 19 सितंबर से खेला जाना है और इसमें धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स की अगुवाई करते नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोन्स ने धोनी को लेकर कुछ अहम बातें कही हैं।
डीन जोन्स ने बताया कि अगर धोनी टीम में नहीं होते हैं, तो टीम इंडिया को किन मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा धोनी के नहीं होने पर एक फिनिशर को तैयार करना टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी मुश्किल होगी। उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ‘अभी ऐसा लग रहा है कि भारतीय सिलेक्टर्स ऋषभ पंत या फिर केएल राहुल के साथ जाएंगे। अगर धोनी के लिए आईपीएल का यह सीजन शानदार जाता है, तो उनके लिए दरवाजे खुल जाएंगे, लेकिन अगर वो आईपीएल में अच्छा नहीं कर पाते हैं तो निश्चित तौर पर उनके लिए दरवाजे बंद हो जाएंगे। लेकिन उन्होंने दरवाजा खुला छोड़ा है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘धोनी के लिए यह ब्रेक काफी अच्छा साबित हो सकता है। उन्होंने काफी अच्छा ब्रेक ले लिया है, लेकिन आप विश्वास मानिए जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है आपके लिए ब्रेक से वापसी करना उतना ही मुश्किल होता जाता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘वो सुपरस्टार हैं, महान हैं, तो मुझे ऐसा लगता है कि ऐसे लोगों पर हमेशा उनके फैसले छोड़ देने चाहिए। टीम इंडिया केएल राहुल और ऋषभ पंत के बारे में सोच रही है, लेकिन अभी भी उनकी सबसे बड़ी मुश्किल फिनिशर की है। कौन फिनिशर की भूमिका निभाएगा? हार्दिक पांड्या इस बैलेंस को सही कर सकते हैं।’