भारत में चार महीना बीतने के बावजूद कोरोना का कहर जारी है। जिंदगी ठहरी हुई है, तमाम लोगों ने महानगरों से पलायन कर लिया है तो कई लोग अब भी महानगरों में संघर्षरत हैं और आर्थिक तकलीफों से जूझ रहे हैं लेकिन कुछ लोगों की दरियादिली परेशान लोगों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। इस कोरोना काल में बॉलीवुड के कलाकारों ने मदद के हाथ बढ़ाकर कई लोगों की मदद की है और कई लोग तो अब भी कर रहे हैं। जैकी श्रॉफ का नाम भी उन मददगार कलाकारों में है, जो इस नाजुक स्थिति में लोगों को सहयोग कर रहे हैं।
चार महीने से लॉकडाउन में लोगों की तकलीफों को भांपते हुए जैकी दादा ने डांसर, जूनियर आर्टिस्ट सहित वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकारों की सहायता के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया है। एक वरिष्ठ पत्रकार से जैकी ने वादा किया है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती तब तक वे बॉलीवुड के जरूरतमंद लोगों के लिए राशन, गैस, दवाई जैसी रोजमर्रा की आवश्यक चीजों की आपूर्ति करते रहेंगे।
जैकी का कहना है कि विपत्ति की घड़ी में हर व्यक्ति को मानवता का साथ देना चाहिए। आखिर एक इंसान ही इंसान का काम आता है। ईश्वर की कृपा से आज मेरे पास बहुत कुछ है। सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि मेरा बेटा टाइगर श्रॉफ आज बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुका है। दर्शक उसपर प्यार लुटा रहे हैं। एक पिता को और क्या चाहिए। सबसे अहम बात कि जाना तो एक दिन सबको है। हम क्या लेकर आये थे और क्या लेकर जाएंगे। बस जितना हो सके मदद करो, लोगों की सेवा करो, यही सबसे बड़ा पुण्य है।
बता दें कि जैकी श्रॉफ ने अपना फिल्मी करियर देवानंद की फ़िल्म ‘स्वामी दादा’ से की थी फिर सुभाष घई ने उन्हें सुपरहिट फिल्म ‘हीरो’ फ़िल्म में बतौर हीरो लॉन्च किया। अपने समय में जैकी मोस्ट हैंडसम मैन के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने ‘कर्मा, युद्ध, काश, अंदर बाहर, दहलीज, जवाब हम देंगे, तेरी मेहरबानियां, दूध का कर्ज, इज्ज़त, 100 डेज, अग्निसाक्षी, आर या पार, राम लखन, खलनायक, बॉर्डर, मिलन, परिंदा, गर्दिश जैसी कई फिल्मों में यादगार भूमिका निभाई है। फिलहाल वे चरित्र भूमिकाओं में नज़र आते हैं।
– दिनेश कुमार
कोरोना काल में जैकी श्रॉफ ने बढ़ाए मदद के हाथ
Leave a comment
Leave a comment