मुंबई:भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शिवसेना के मुखपत्र सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत पर मंगलवार पर निशाना साधा है। पाटिल ने पूछा कि क्या उन्होंने शिवसेना के प्रवक्ता का पद छोड़ दिया है और कांग्रेस में यही पद ग्रहण कर लिया है। पाटिल ने मंगलवार को राउत को पत्र लिखा।
अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए भाजपा नेता ने लिखा है कि अहमदनगर के लोगों ने अपने प्रतिनिधित्व के लिए जनादेश उनके परिवार के पक्ष में दिया था। उन्होंने कहा, “हमारी प्रतिबद्धता लोगों के प्रति है और यह सिल्वर ओक (राकांपा प्रमुख शरद पार का निवास) और मातोश्री (मुख्यमंत्री एवं शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे का घर) के बीच बदलती नहीं रहती है। हमने भले ही पार्टियां बदली हों, लेकिन उस पार्टी के नेतृत्व के प्रति इमानदार रहते हैं, जिसका हम प्रतिनिधित्व करते हैं।’
उन्होंने राउत से कहा, ‘मैं भाजपा में खुश हूं, लेकिन खुद को महा विकास आघाडी का शिल्पकार बताने के बावजूद आपको अपने भाई के लिए मंत्री का पद नहीं मिल सका। क्या आपने लॉकडाउन में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता का पद ग्रहण कर लिया है और शिवसेना में यह पद छोड़ दिया है?”
बता दें कि शिवसेना के मुखपत्र में सोमवार को पाटिल की थोराट पर की गई टिप्पणी को लेकर आलोचना की गई थी। कहा गया कि पाटिल द्वारा थोराट की आलोचना सत्ता में न होने की भाजपा नेता की निराशा को दर्शाती है।