नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 65 हजार 869 हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र में 2553 नए मामले सामने आए और 109 मौतें हुईं। अब मुंबई में संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार पहुंच गया, शहर में 1702 लोगों की जान गई। जबकि राज्य में 88 हजार 528 मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 40 हजार से ज्यादा ठीक हो गए। उधर, ओडिशा में एनडीआरएफ के 50 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अम्फान तूफान के राहत कार्य के बाद बंगाल से कटक लौटने पर तीसरी बटालियन के करीब 190 जवान संक्रमित मिल चुके हैं।
अपडेट्स
- पश्चिम बंगाल और मिजोरम ने संक्रमण पर काबू पाने के लिए लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ाया।
- जम्मू में दरबार की वार्षिक छुट्टियों के चलते 26 जून से ऑफिस बंद हो जाएंगे और 6 जुलाई को खुलेंगे।
- दिल्ली में सोमवार को 1007 नए संक्रमित मिले। राजधानी में बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जेएनयू ने छात्रों से अपने घर लौटने की अपील की।
- एनसीआर के गुड़गांव में एक दिन में सबसे ज्यादा 243 मरीज मिले। हरियाणा में 406 मरीज सामने आए हैं और अब तक 39 लोगों की जान गई।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुखार और गले में इंफेक्शन है। सोमवार को वे खुद आइसोलेट हो गए। अब मंगलवार को अपना कोरोना टेस्ट कराएंगे।
महाराष्ट्र में चीन से ज्यादा संक्रमित
महाराष्ट्र रविवार को 85 हजार से ज्यादा संक्रमित मिलने पर चीन से आगे निकल गया। वहां 83 हजार 43 केस आए हैं। महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या भले ही बढ़ी रही है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि बीते 2 हफ्तों में यहां संक्रमितों की बढ़ने की दर में कमी आई है। यह 17 मई से 24 मई के बीच 52% थी, जो बीते हफ्ते घटकर 27% रह गई।
गुजरात में मृत्युदर सबसे ज्यादा
टॉप-10 संक्रमित राज्यों में महाराष्ट्र पहले, तमिलनाडु दूसरे, दिल्ली तीसरे, गुजरात चौथे और बिहार दसवें स्थान पर है। लेकिन गुजरात में में मृत्युदर सबसे ज्यादा 6.2% और बिहार में सबसे कम 0.6% है।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए
तारीख | केस |
7 जून | 10884 |
6 जून | 10428 |
5 जून | 9379 |
4 जून | 9847 |
3 जून | 9689 |