नई दिल्ली: देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 2 लाख 17 हजार 648 हो गई। दिल्ली-एनसीआर बॉर्डर सील मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने आज सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि सभी के लिए एक कॉमन पास बने, जिसकी हरियाणा, यूपी और दिल्ली तीनों राज्यों में मान्यता हो। कोर्ट ने कहा कि तीनों राज्यों के प्रतिनिधियों/अफसरों को बैठक करनी चाहिए और इस मुद्दे को जल्द समाधान निकालना चाहिए।
लॉकडाउन के दौरान पहले उत्तर प्रदेश ने नोएडा और गाजियाबाद के बॉर्डर सील किए थे। इन्हें बीच में खोला गया, लेकिन फिर सील किया गया। इसी तरह हरियाणा ने गुड़गांव और फरीदाबाद के सारे बॉर्डर सील किए। बीच में इन्हें भी खोला गया लेकिन फिर सील किया गया। फिर जब एक जून से हरियाणा ने ढील देने की बात कही तो दिल्ली ने 8 जून तक के लिए यूपी और हरियाणा बॉर्डर सील कर दिए। इसी को लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी।
उधर, Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को एक दिन में 9638 संक्रमित मिले। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 8789 मरीज 31 मई को मिले थे। महाराष्ट्र में बुधवार को 2560 संक्रमित सामने आए। यह छठवां दिन था, जब देश में 200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई। अकेले महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 122 लोगों ने दम तोड़ा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 9,304 नए मामले सामने आए हैं और 260 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2 लाख 16 हजार 919 हो गई है, जिनमें से 1 लाख 06 हजार 737 सक्रिय मामले हैं। 1 लाख 4 हजार 107 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक 6,075 मरीजों की जान जा चुकी है।
संक्रमण 28 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेश में फैला
कोरोनावायरस संक्रमण 28 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादरा एवं नगर हवेली शामिल हैं।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए
तारीख | केस |
3 जून | 9638 |
2 जून | 8,820 |
31 मई | 8789 |
30 मई | 8364 |
29 मई | 8138 |
28 मई | 7254 |
कोरोना अपडेट्स
- स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक सर्कुलर जारी कर कहा है कि मंत्रालय के कई अफसर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ऐसे में एहतियात के तहत अब से बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होंगी।
- देश के रक्षा सचिव अजय कुमार भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए। बुधवार देर रात उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय में अब कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। अजय कुमार और उनके साथ काम करने वाले 35 अफसरों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि पिछले अब तक 42 लाख 42 हजार 718 सैंपल की जांच हो चुकी है। वहीं, पिछले 24 घंटे में एक लाख 39 हजार 485 टेस्ट हो चुके हैं।