नई दिल्ली:भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की समिति ने लगातार तीसरी बार स्टार भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के नाम की सिफारिश खेल रत्न पुरस्कार के लिए की है। बाईस साल के चोपड़ा ट्रैक और फील्ड के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनके नाम की सिफारिश एएफआई ने की है।
राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता चोपड़ा को 2018 में अर्जुन पुरस्कार दिया गया था। उस साल खेल रत्न के लिए भी उनका नाम भेजा गया था। पिछले साल भी खेल रत्न के लिये उनके नाम की अनुशंसा की गई थी। एक सूत्र ने कहा कि नीरज अकेले एथलीट है जिनके नाम की इस साल खेल रत्न के लिए अनुशंसा की गई है।
ओडिशा सरकार पहले ही फर्राटा धाविका दुती चंद के नाम की अर्जुन पुरस्कार के लिए अनुशंसा कर चुकी है। चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वह कोहनी की चोट के कारण पिछले पूरे सत्र से बाहर थे।