नई दिल्ली: देश में 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। कई एयरलाइन ने शुक्रवार से बुकिंग शुरू कर दी। सबसे पहले इंडिगो ने सुबह 10 बजे से बुकिंग शुरू की। डिटेल शेड्यूल भी जारी कर दिया। इसके बाद स्पाइस जेट और एयर इंडिया ने भी बुकिंग विंडो खोल दिए। एयर इंडिया पहले दिन यानी 25 मई को 3 फ्लाइट दिल्ली से मुंबई और मुंबई से दिल्ली के बीच चलाएगी। तीनों में सीटें फुल हैं। स्पाइस जेट दिल्ली और मुंबई के बीच 4 फ्लाइट शुरू करेगी। इसमें एक फ्लाइट में सीटें फुल हो गई हैं। तीन अन्य में अभी बुकिंग जारी है। इस रूट पर इंडिगो की 6 फ्लाइट हैं। इनमें से 2 में सीटें फुल हैं, बाकी में बुकिंग जारी है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की ओर से सभी एयरलाइंस को रूट और स्टेशन चार्ट दे दिया गया है। अब ये कंपनियां तय करेंगी कि उन्हें किस रूट पर सेवाएं शुरू करनी हैं और उसके लिए बुकिंग कब से शुरू करनी है। कुल 8 एयरलाइंस को रूट एलॉट हुआ है। इनमें एयर इंडिया, इंडिगो, गो एयर, एयर एशिया, एलायंस एयर, स्पाइस जेट, ट्रू जेट और विस्तारा शामिल हैं। अभी ट्रू जेट, विस्तारा, एलायंस एयर, एयर एशिया और गो एयर में बुकिंग शुरू नहीं हुई है।
कौन सी एयरलाइन कितना चार्ज कर रही
एयरलाइन | कहां से | कहां तक | किराया रुपए में |
स्पाइस जेट | नई दिल्ली | मुंबई | 6,568-16,490 |
इंडिगो | नई दिल्ली | मुंबई | 7,040 |
एयर इंडिया | नई दिल्ली | मुंबई | 5,885-21,690 |
अभी 33% घरेलू उड़ानें शुरू होंगी
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने गुरुवार को घरेलू उड़ानों के लिए गाइडलाइन जारी की। इसमें बताया कि अभी केवल 33% उड़ाने ही शुरू होंगी। तीन महीने तक के लिए किराए फिक्स कर दिए गए हैं। ताकि, एयरलाइन मनमानी नहीं कर सकें। दिल्ली-मुंबई का 90-120 मिनट की उड़ान का न्यूनतम किराया 3 हजार 500 रुपए और अधिकतम किराया 10 हजार रुपए होगा।
40% सीटें सस्ते में मिलेंगी
विमानन मंत्रालय के सचिव प्रदीप सिंह खरौला ने बताया कि 40% सीटें प्राइस बैंड के मिडपॉइंट से कम प्राइस पर बेची जाएंगी। उन्होंने उदाहरण दिया कि 3 हजार 500 रुपए से 10 हजार रुपए के प्राइस बैंड का मिडपॉइंट 6 हजार 700 रुपए होता है। यानी इस प्राइस बैंड में 40% सीटें 6 हजार 700 रुपए से कम प्राइस पर बुक करनी होंगी।
यात्रा के लिए ये है नई गाइडलाइंस
- घरेलू यात्रा के लिए पैसेंजर्स को 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना जरूरी है।
- एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग करने के बाद ही अंदर एंट्री मिलेगी।
- 14 साल से अधिक उम्र वाले पैसेंजर्स के लिए फोन में आरोग्य सेतु ऐप जरूरी है। आरोग्य सेतु में अगर ग्रीन नहीं दिखा तो एंट्री नहीं मिलेगी।
- यात्रियों को अपनी पर्सनल गाड़ी या आधिकृत टैक्सी सर्विस का उपयोग करना होगा।
- यात्रियों को ट्रॉली का उपयोग कम से कम करना होगा।
- यात्रियों को बिना लाइन के बोर्डिंग पास मिलेगा।
- सभी पैसेंजर्स को मास्क और ग्लव्स पहनना जरूरी होगा।
- जिनकी फ्लाइट के डिपार्चर में 4 घंटे का समय बाकी है उन्हें एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में एंट्री करने दी जाएगी।