मुंबई:भारत में इस समय कोरोना वायरस के कारण 21 दिन का लॉकडाउन लागू है। ऐसे में खिलाड़ी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से जुड़ रहे हैं और साथ ही इस मुश्किल समय में क्या करना चाहिए और क्या नहीं इस बारे में जानकारी दे रहे हैं। भारतीय टीम के बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक बार फिर घर में रहकर फिट रहने की अहमियत पर जोर दिया है।
रोहित ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि घर में बंद रहना कोई बहाना नहीं है। घर में रहिए, फिट रहिए और सुरक्षित रहिए। इस समय कोरोना वायरस के कारण सभी खेल गतिविधियां बंद पड़ी हैं। आईपीएल की शुरुआत भी इसी कारण टाल दी गई है। लीग की शुरुआत 29 मार्च से होनी थी लेकिन इसे बीमारी के कारण 15 अप्रैल तक टाल दिया गया है, लेकिन मौजूदा समय में जो स्थिति है उसे देखकर आईपीएल होने की संभावना काफी कम है।
देश में पिछले 12 घंटे में 547 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6412 हो गई है। कोविड-19 महामारी से बीते 12 घंटे में रिकॉर्ड 30 लोगों की मौतें हुई हैं, जिससे मरने वालों का आंकड़ा 199 पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस के कुल 6412 मामलों में से 5709 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा, 503 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।