टोक्यो:जापान ने वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण देश में आपातकाल जैसी स्थिति के बीच टोक्यो ओलंपिक की मशाल को प्रदर्शनी से हटा दिया। कोरोना वायरस संक्रमण के दुनियाभर में फैलने के कारण पहले ही टोक्यो 2020 ओलंपिक को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस मशाल को जापान के पूर्वोत्तर क्षेत्र फुकुशिमा में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखा गया था, लेकिन जापान के ओलंपिक आयोजकों ने देश में कोरोना वायरस के मामलों के बढ़ने के बाद इसे हटाने का फैसला किया।
इस मशाल को यूनान में प्रज्जवलित किया गया था जो 20 मार्च को जापान पहुंचा था। टोक्यो 2020 आयोजन समिति के प्रवक्ता ने कहा, ” हम मशाल को मूल रूप से 30 अप्रैल तक सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखना चाहते थे, लेकिन हाल के घटनाक्रम को देखते हुए हमने इसे रोकने का फैसला किया।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों ने प्रधानमंत्री शिंजो आबे द्वारा टोक्यो सहित छह अन्य जगहों पर इमरजेंसी की घोषणा के बाद इस मशाल की प्रदर्शनी रोकने का फैसला किया है। यह आदेश लगभग एक महीने तक लागू रहेगा। 25 मार्च को टॉर्च रिले की शुरुआत होनी थी, लेकिन ओलंपिक खेलों को स्थगित करने के बाद से रिले को रद्द कर दिया गया। इसके बाद इस मशाल को दो अप्रैल तक जे विलेज में प्रदर्शनी के लिए रखा गया था।
वहीं, टोक्यो ओलंपिक-2020 को स्थगित करने से अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की चुनौतियां बढ़ी हैं, जिसे अब 2021 में इन खेलों को पूरा करने के लिए तमाम साधन जुटाने पड़ेंगे। साथ ही बीजिंग में होने वाले शीतकालीन खेल-2022 और डकार में होने वाले यूथ ओलंपिक खेलों के लिए भी इसी के साथ काम करना होगा।
आईओसी ने टोक्यो ओलंपिक से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए कहा, “खेलों को स्थगित करने से आने वाले महीनों में हमारे लिए चुनौती बढ़ी है। जाहिर सी बात है कि हमें ओलंपिक खेलों के आयोजन पर ध्यान देना होगा लेकिन साथ ही बीजिंग शीतकालीन ओलंपिक खेल-2022, यूथ ओलंपिक खेल डकार-2022 पर भी ध्यान देना है।”
उन्होंने कहा, “हमें देखना होगा कि यह काम का बोझ हमारे स्टाफ पर किस तरह से पड़ता है। साथ ही हमें फैसला लेना होगा कि आयोजन समिति के तौर पर अच्छा काम करने के लिए हमें कैसे अपने आप को संगठित करना होगा। हम ‘हेयर वी गो’ टास्क फोर्स पर निर्भर हैं जो हमें स्थिति का सही आंकलन देगी और साथ ही आने वाली चुनौतियों को लेकर अवगत कराएगी।”