मुंबई/नई दिल्ली। देशभर में एक तरफ कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है तो दूसरी तरफ एक राहत की खबर है कि लोग ठीक भी हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक लगभग 100 लोग कोरोना से एकदम ठीक होकर घर वापस जा चुके हैं। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि देश में अब तक इस बीमारी के 1,071 मरीज हैं जबकि 29 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र में कोविड-19 के 12 नए मामले प्रकाश में आए जबकि राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 215 हो गई है।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक 25 लोग हुए ठीकः खबरों की मानें तो महाराष्ट्र में सबसे अधिक 25 लोग अब तक ठीक हुए हैं हालांकि महाराष्ट्र ऐसा दूसरा राज्य है जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले पाए गए हैं। यहां अब तक 193 लोग कोरोना पीड़ित हैं। हेल्थ मिनिस्टरी के जारी आंकड़ों के अनुसार, केरल में मरीजों की कुल संख्या में 49 विदेशी भी शामिल हैं। केरल में सबसे ज्यादा 194 कोरोना के मामले सामने आए हैं। यहां 19 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। राज्य में कोरोना के कारण पूरी तरह से लॉकडाउन है।
इसी तरह हरियाणा में कोरोना वायरस के 33 केस आए हैं। यहां 17 लोग ठीक हुए हैं। राज्य में इस घातक बीमारी से किसी की मौत की कोई खबर नहीं है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां 75 मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें 11 लोग ठीक हो चुके हैं। यूपी में सबसे ज्यादा मामले नोएडा से सामने आए हैं। यहां 31 लोग कोरोना से पीड़ित हैं।
गुजरात में सबसे कम 2 को ही मिली छुट्टी
गुजरात में अभी तक 2 ही लोगों को छुट्टी मिली है जबकि यहां कोरोना के 58 मामलों की पहचान हुई है। इस बीमारी से राज्य में 5 लोगों की मौत हुई है। सूरत और अहमदाबाद की दो महिला मरीज ने इस बीमारी से लड़कर उसे मात भी दी है। रविवार को सूरत की 21 वर्षीय एक लड़की को अस्पताल से छुट्टी दी गई। लड़की लंदन यात्रा की ट्रैवल हिस्ट्री थी। सूरत के डेप्युटी म्युनिसिपल कमिश्नर (हेल्थ ऐंड हॉस्पिटल) डॉ आशीष नायक ने बताया कि लड़की का तीसरा सैंपल भी निगेटिव आया है। वह 14 दिन में रिकवर हो गई है।