मुंबई: जोगेश्वरी पूर्व सीट से तीन बार के शिवसेना विधायक रविन्द्र वायकर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ऑफिस का चीफ कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। वायकर को कैबिनेट रैंक के मंत्री का दर्ज दिया गया है। रविन्द्र वायकर रत्नागिरी जिले के पालक (गार्जियन) मंत्री भी हैं। शनिवार को इसका आधिकारिक ऐलान सीएम ऑफिस की ओर से किया गया।
भाजपा सरकार में मंत्री थे वायकर
भाजपा सरकार में वायकर के पास गृहनिर्माण राज्यमंत्री का पद था। उन्होंने मुंबई में गृह निर्माण की कई पॉलिसी को सरल करने का काम अपने कार्यकाल के दौरान किया। इसके अलावा वे 20 साल तक मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में नगरसेवक भी रह चुके हैं।
वायकर के काम करने के तरीके से सीएम प्रभावित
61 साल के वायकर पहली बार 1992 में बीएमसी के लिए चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने लगातार चार बार नगर सेवक का चुनाव जीता। वह बीएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष भी थे। वायकर अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक जिम के अवैध निर्माण के विवाद में घिरे थे। सूत्रों के मुताबिक, उनके काम करने के तरीके को देखते हुए ही सीएम उद्धव ठाकर ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इस रेस में शिवसेना के अन्य दो नेता भी थे
पहली बार बनी इस पोस्ट के लिए वायकर के अलावा राकांपा छोड़कर शिवसेना में शामिल हुए चिप्लुन के विधायक भास्कर जाधव और पूर्व मंत्री तानाजी सावंत भी थे। सूत्रों के मुताबिक, सीएम ठाकरे संग करीबी के चलते वायकर को यह पद मिला है। पार्टी फोरम पर इन दोनों नेताओं ने पद न मिलने पर नाराजगी भी व्यक्त की है।