मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की नाइटलाइफ पर भाजपा नेता और पूर्व विधायक राज पुरोहित ने विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नाइट लाइफ युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाएगी। इससे रेप केस बढ़ेंगे, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ेगा और कानून व्यवस्था भी बिगड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मैं पिछले पांच साल से मुंबई शहर में नाइट लाइफ का विरोध कर रहा हूं। मुंबई में 26 जनवरी से मॉल, मल्टीप्लेक्स और व्यापारिक प्रतिष्ठान 24 घंटे खुले रहेंगे। शनिवार को पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के साथ बैठक के बाद बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने इस प्रस्ताव की अनुमति दी है।
राज पुरोहित ने आगे कहा, ‘अगर शराब की संस्कृति लोकप्रिय हो जाती है, तो इससे महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि होगी और हजारों निर्भया के मामले सामने आएंगे। उन्हें (आदित्य ठाकरे) सोचना चाहिए कि क्या ऐसी संस्कृति भारत के लिए अच्छी है।’ राज पुरोहित मुंबई से 6 बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि, इस बार पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था।