राजकोट:भारत ने तीन वनडे की सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने तीन वनडे की सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। राजकोट में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 340 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.1 ओवर में 304 रन पर सिमट गई। इस मैदान पर तीन वनडे में टीम इंडिया की ये पहले जीत है। इससे पहले 2013 में इंग्लैंड और 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने हराया था।
भारतीय स्पिनर ने मैच में दो विकेट लिए। उन्होंने इस दौरान वनडे में अपने 100 विकेट पूरे किए। कुलदीप सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर बने। उन्होंने 58वें वनडे में इस उपलब्धि को हासिल किया। उनसे आगे अफगानिस्तान के राशिद खान (44 मैच) और पाकिस्तान के सकलैन मुश्ताक (53 मैच) हैं। कुलदीप ने इमरान ताहिर की बराबरी की। उन्होंने हरभजन सिंह (76 मैच) को पीछे छोड़ा।
भारत में बिना शतक के एक मैच में सबसे ज्यादा रन बने
साल | मैच में कुल रन | किसके बीच | मैदान |
2020 | 644 | भारत (340) vs ऑस्ट्रेलिया (304) | राजकोट |
2007 | 643 | एशिया (337) vs अफ्रीका (306) | चेन्नई |
2013 | 641 | इंग्लैंड (325) vs भारत (316) | राजकोट |
2017 | 637 | इंग्लैंड (321) vs भारत (316) | कोलकाता |
कुलदीप ने एक ही ओवर में स्मिथ और कैरी को आउट किया
स्टीव स्मिथ शतक लगाने से चूक गए। वे 98 रन पर कुलदीप की गेंद पर बोल्ड हो गए। कुलदीप ने एलेक्स कैरी (18) को आउट कर वनडे में अपने 100 विकेट पूरे किए। एश्टन टर्नर (13) और पैट कमिंस (0) को शमी ने बोल्ड किया। स्मिथ ने मार्नश लबुशाने के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। लबुशाने 46 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर आउट हो गए। कुलदीप ने 13वीं बार एक ओवर में दो या उससे ज्यादा विकेट लिए।
वॉर्नर और फिंच बड़ी पारी नहीं खेल सके
डेविड वॉर्नर 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शमी की गेंद पर मनीष पांडेय ने उनका कैच लिया। मनीष ने कवर एरिया में हवा में उछलकर एक हाथ से यह कैच लिया। एरॉन फिंच (33) को जडेजा ने राहुल से स्टंप आउट किया।
जम्पा ने वनडे में कोहली को पांचवीं बार आउट किया
शिखर धवन ने 96, लोकेश राहुल ने 80 और विराट कोहली ने 78 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा ने तीन विकेट लिए। उन्होंने वनडे में कोहली को पांचवीं बार आउट किया। वे भारतीय कप्तान के खिलाफ सबसे सफल स्पिनर बन गए। उनसे ज्यादा वेस्टइंडीज के रवि रामपाल ने 6 बार आउट किया, लेकिन वे तेज गेंदबाज हैं।
कोहली का 56 और राहुल का छठा अर्धशतक
शिखर धवन अपने 18वें शतक से चूक गए। राहुल ने करियर का छठा और कोहली ने 56वां अर्धशतक लगाया। श्रेयस अय्यर को एडम जम्पा ने 7 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। मनीष पांडेय (2) को केन रिचर्डसन ने आउट किया। रविंद्र जडेजा 20 और मोहम्मद शमी एक रन बनाकर नाबाद रहे।
वनडे में कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज
गेंदबाज | रोल | देश | कितनी बार |
रवि रामपाल | तेज गेंदबाज | वेस्टइंडीज | 6 |
एडम जम्पा | स्पिनर | ऑस्ट्रेलिया | 5 |
थिसारा परेरा | तेज गेंदबाज | श्रीलंका | 5 |
टिम साउदी | तेज गेंदबाज | न्यूजीलैंड | 5 |