नई दिल्ली:होटल कंपनी ओयो भारत में 1,000 से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकालने की तैयारी कर रही है। वह देश में अपने कारोबार को पुनर्गठित कर रही है जिसके तहत वह इतने कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है।
भारत और दक्षिण एशिया में ओयो के कर्मचारियों को भेजे आंतरिक मेल में कंपनी के संस्थापक और समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रितेश अग्रवाल ने कहा कि कुछ सहयोगियों को ओयो से बाहर एक नया करियर तलाश करने के लिए कहना ‘आसान फैसला’ नहीं है।
मेल में यह नहीं बताया गया है कि कितने लोगों की छंटनी की जा रही है। हालांकि, मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की जा सकती है। साथ ही इसके पीछे की वजह जरूरत के हिसाब से कर्मचारियों को रखना बताया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि यह 2020 के लिए नए रणनीतिक उद्देश्य का एक हिस्सा है। इसके तहत विभिन्न इकाइयों और परिचालन में टीमों को पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा जाने वाले कर्मचारियों की मदद और सहायता का आश्वासन भी दिया है।