कोलकाता: मणिपुर के मख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के भाई टोंगब्रम लुखोई सिंह का बदमाशों ने कोलकाता से अपहरण कर लिया। शुक्रवार को 5 बदमाश उनके कोलकाता स्थित घर में नकली सीबीआई अफसर बनकर घुसे थे। वारदात के बाद बदमाशों ने लुखोई की पत्नी को कॉल कर 15 लाख रुपए की फिरौती भी मांगी थी। इसके बाद पत्नी ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस टीम ने अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर मुख्यमंत्री के भाई को छुड़ा लिया है।
- वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लुखोई परिवार के साथ कोलकाता के न्यू टाउन स्थित किराए के घर में रहते हैं। बदमाश सीबीआई छापेमारी के नाम पर उनके घर पहुंचे थे। इसके बाद नकली बंदूक दिखाकर लुखोई और उनके एक सहायक को अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद उनकी के पास 15 लाख की फिरौती का कॉल आया था।
- अपहरण के बाद लुखोई को मध्य कोलकाता के बेनियापुकुर इलाके में रखा गया था। सभी बदमाश मणिपुर के किसी व्यक्ति के लिए काम करते थे और उसके कहने पर ही उन्होंने सीएम के भाई का अपहरण किया। मणिपुर पुलिस को घटना की सूचना दी गई है और उनसे जांच में मदद मांगी गई है।
2 गाड़ियां और 3 नकली बंदूकें बरामद
पुलिस ने आरोपियों के बेनियापुकुर स्थित ठिकाने से वारदात में इस्तेमाल की गई 2 गाड़ियां और 3 नकली बंदूकें बरामद की हैं। आरोपियों में दो मणिपुर, एक पंजाब और दो कोलकाता के हैं। अपहरण में शामिल कोलकाता के 2 बदमाशों का पुराना रिकॉर्ड होने की जानकारी मिली है।