एंटीक बर्तनों से लेकर ताजे फूलों तक – मेज को संवारने के लिए इस तरह की कई चीजें इस्तेमाल की जा सकती हैं। ऐसे ही कुछ खास अंदाज हम लेकर आए हैं आपके लिए
एंटीक का आकर्षण
घर को रॉयल टच देते हैं एंटीक बर्तन। ब्लॉगर दीबा राजपाल की तरह आप भी चांदी के एंटीक बर्तनों को मेज पर सजा सकते हैं। इससे विंटेज और रस्टिक लुक मिलेगा। साथ में रखे गिलासों को डेजट्र्स जैसे खीर, फिरनी या आइसक्रीम परोसने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। गुलाब की पंखुड़ियां डेजर्ट को और सुंदर बना देंगी।
टिप्स : ऑक्सीडाइज्ड चांदी से बना पानदान या पीतल की सुराही भी टेबल को आकर्षक लुक देगी। एंटीक बैंगल बॉक्स या परफ्यूम बोतल को भी फूलदान की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
गेंदे के फूल-
घर को आकर्षक बनाने में गेंदे के फूलों का कोई मुकाबला नहीं। खास मौके पर आप मेज को गेंदे के फूलों की लड़ी से सजा सकते हैं। मेज पर कलाकृतियां रखें और ऊपर से फेयरी लाइट्स लगाएं।
फूलों का फलसफा-
इन दिनों बहुत सारे लोग इंस्टाग्राम जैसी सोशल साइट्स में मेज की सजावट से जुड़ी तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। क्रिस्टल कैंडल होल्डर्स, वास, ग्लिटर और सीक्वेंस से सजे टेबल पीसेज की मदद से आप भी ऐसा कर सकते हैं। गोल्डन और सिल्वर कलर की कैंडल्स रखें और चमकदार चीजों से मेज को सजाएं। इस सजावट की रौनक बढ़ाने के लिए आप भी पॉम पॉम इवेंट्स की रितिका साहनी की तरह मेज के बीच में पीले रंग के फूल सजा सकती हैं।
सुनहरा जादू-
शाही अंदाज वाली इस मेज में सूखी टहनियों का नैसर्गिक सौंदर्य नजर आ रहा है। धातु और पोर्सलीन से बने बोल्ड ज्योमेट्रिक पैटर्न इसे अलग लुक प्रदान कर रहे हैं। इंटीरियर डिजाइनर पूनम कालरा सलाह देती हैं कि इस मेज को अलग लुक देने के लिए नन्ही टहनियों को सुनहरे पेंट में डुबोकर इस पर रखें।
टिप्स : कुछ टहनियों, सूखे फूलों और पत्तियों को सुनहरे रंग से पेंट करें। इन्हें मेज पर रचनात्मक अंदाज में रखने से परीलोक सा एहसास होगा।
कमाल कागज का
कागज से बनी रंग-बिरंगी कलाकृतियां बेहद खूबसूरत लगती हैं। ऑरिगैमी तकनीक का जादू कुछ ऐसा ही होता है। क्राफ्ट स्टोर्स से ऑरिगैमी आर्ट पेपर खरीदें। इससे बनी कलाकृतियों को फूलों के साथ मेज पर सजाएं। यह कहना है पॉम पॉम इवेंट्स की रितिका साहनी का।
टिप्स : गिफ्ट के डिब्बों को रंगीन पेपर से सजाएं। कुछ ग्लिटर लगाएं, इनमें कलात्मक छेद कर आकृतियां बनाएं। इन्हें वास में तब्दील कर इनमें फूल लगा दें। यह अंदाज आपके घर के हर मेहमान को लुभाएगा।
अलौकिक एहसास
आप चाहें तो घर की किसी मेज को आध्यात्मिक अंदाज में भी सजा सकते हैं। प्रिंटेड टेबल कवर पर अलग से कुछ सजावटी पैच लगाएं और उसके ऊपर देवी-देवताओं की मूर्तियां रखें। कोई खूबसूरत कांच का गिलास उल्टा कर इन मूर्तियों को ढक दें। गिलास के ऊपर कोई खूबसूरत मोमबत्ती जला दें। गिलास के अंदर सूखे फूल भी रख सकते हैं।
टिप्स : इस तरह की सजावट में गुलाब, गुड़हल, चमेली और गेंदे की पंखुड़ियां भी इस्तेमाल की जा सकती हैं। इससे मेज खूबसूरत भी दिखेगी और महकेगी भी।