पुणे:भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में खेले जा रहे पहले टेस्ट में 565 रन की बढ़त बना ली है। शुक्रवार को टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट पर 36 रन बना लिए हैं। इससे पहले भारत पहली पारी 5 विकेट पर 601 रन बनाकर घोषित की थी। कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 254 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने 91 रनों की पारी खेली। कोहली ने टेस्ट करियर का 7वां दोहरा शतक लगाया। वे ऐसा करने वाले वे दुनिया के छठे और पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। कोहली ने सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रिकी पोंटिंग, जावेद मियांदाद, युनिस खान, मर्वन अटापट्टू को पीछे छोड़ दिया।
दक्षिण अफ्रीका के ओपनर एडेन मार्कराम खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। उनके बाद डीन एल्गर 6 रन पर बोल्ड हो गए। दोनों को उमेश यादव ने आउट किया। टेम्बा बवुमा (8) को मोहम्मद शमी ने ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। थिउनिस डी ब्रुईन 20 और एनरिच नोर्त्जे 2 रन बनाकर नाबाद हैं।
कोहली के टेस्ट में 7 हजार रन पूरे
कोहली ने टेस्ट में 7000 रन भी पूरे कर लिए। वे कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले सर डॉन ब्रैडमैन ने 6 दोहरे शतक लगाए थे। कोहली ने टेस्ट करियर का 26वां शतक लगाया। वे अतंरराष्ट्रीय क्रिकेट में 40 शतक लगाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के दूसरे कप्तान बन गए। इस मामले में विश्व स्तर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने 41 शतक लगाए।