पुणे:भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज के दूसरे मैच की पहली पारी में 3 विकेट पर 273 रन बना लिए। टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मयंक अग्रवाल ने लगातार दूसरा शतक लगाते हुए 108 रन की पारी खेली। उन्होंने पिछले टेस्ट में 215 रन बनाए थे। मयंक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाने वाले दूसरे ओपनर हैं। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ने 2010 में दो टेस्ट की सीरीज में ऐसा किया था। उन्होंने नागपुर में 109 और कोलकाता में 165 रन की पारी खेली थी।
चेतेश्वर पुजारा 58 रन बनाकर आउट हुए। रबाडा की गेंद पर फाफ डुप्लेसिस ने उनका कैच लिया। इससे पहले रबाडा ने रोहित शर्मा को भी पवेलियन भेजा था। रोहित 14 रन बनाकर क्विंटन डीकॉक को कैच थमा बैठे थे।
चौथी बार एक सीरीज में भारतीय ओपनर्स के 4 शतक
साल | किसके खिलाफ | कहां खेला गया |
1970-71 | वेस्टइंडीज | वेस्टइंडीज |
1978-79 | वेस्टइंडीज | भारत |
2009-10 | श्रीलंका | भारत |
2019-20 | दक्षिण अफ्रीका | भारत |
पुजारा-मयंक ने 138 रन की साझेदारी की
पुजारा-मयंक ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने 138 रन की साझेदारी की। पुजारा ने करियर का 22वां अर्धशतक लगाया। रोहित जब आउट हुए थे, तब टीम इंडिया का स्कोर 25 रन था। इसके बाद 163 रन पर भारत को दूसरा झटका लगा।