विशाखापट्टनम: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीन टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में 203 रन से हरा दिया। विशाखापट्टनम में टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन रविवार को अफ्रीकी टीम दूसरी पारी में 191 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने उसे अपने घरेलू मैदान पर लगातार पांचवें मैच में हराया। भारतीय टीम को पिछली हार 2010 में मिली थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच भारत में खेले गए 6 टेस्ट में टीम इंडिया 5 में जीती। एक टेस्ट ड्रॉ रहा। रनों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की ये तीसरी बड़ी जीत है।
मैच के पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीकी टीम 1 विकेट पर 11 के स्कोर से आगे खेलने उतरी। अश्विन ने थिउनिस डी ब्रुईन को आउट कर अफ्रीकी टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद मेहमान टीम का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। मोहम्मद शमी ने 5, रविंद्र जडेजा 4 और रविचंद्रन अश्विन एक विकेट लिए। भारत ने पहली पारी 502/7 और दूसरी पारी 323/4 पर घोषित की थी। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 431 रन बनाए थे। उसे टेस्ट जीतने के लिए दूसरी पारी में 395 रन बनाने थे।
भारत ने 2015 में द. अफ्रीका को 337 रन से हराया था
साल | मैदान | जीत का अंतर |
2015 | दिल्ली | 337 रन |
1996 | कानपुर | 280 रन |
2019 | विशाखापट्टनम | 203 रन |
2015 | नागपुर | 124 रन |
6 फरवरी 2010 से दोनों टीमों के बीच भारत में खेले गए टेस्ट
साल | कौन जीता | जीत का अंतर | मैदान |
2019 | भारत | 203 रन | विशाखापट्टनम |
2015 | भारत | 337 रन | दिल्ली |
2015 | भारत | 124 रन | नागपुर |
2015 | ड्रॉ | – | बेंगलुरु |
2015 | भारत | 108 रन | मोहाली |
2010 | भारत | पारी और 57 रन | कोलकाता |
2010 | दक्षिण अफ्रीका | पारी और 6 रन | नागपुर |
अश्विन ने मुरलीधरन की बराबरी की
थिउनिस डी ब्रुईन 10 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर आउट हुए। अश्विन ने टेस्ट में अपने 350 विकेट पूरे किए। उन्होंने 66 मैच में इस आंकड़े को छू लिया। वे सबसे कम टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज बन गए। इससे पहले श्रीलंका के महान ऑफ स्पिनर मुरलीधरन ने भी इतने ही टेस्ट में 350 विकेट पूरे किए थे।
मोहम्मद शमी ने पांचवीं बार 5 विकेट लिए
मोहम्मद शमी ने टेम्बा बवुमा को खाता खोले बगैर ही पवेलियन भेज दिया। फाफ डुप्लेसिस 13 और क्विंटन डीकॉक खाता खोले बगैर शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। भारतीय तेज गेंदबाज ने इसके बाद डेन पीट और कगिसो रबाडा को आउट किया। पिछली बार शमी ने 5 विकेट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिसंबर, 2018 में लिए थे।
मुथुसामी-डेन पीट ने 91 रन की साझेदारी की
दूसरी पारी में एक समय दक्षिण अफ्रीका के 8 विकेट 70 रन पर गिर गए थे। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाज सेनुरान मुथुसामी और डेन पीट ने नौवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। पीट ने करियर का पहला अर्धशतक लगाते हुए 56 रन बनाए। मुथुसामी 49 रन बनाकर नाबाद रहे।
रोहित ने पहली पारी में 176 और दूसरी पारी में 127 रन बनाए।
भारत के लिए रोहित शर्मा ने लगातार दूसरी पारी में शतक लगाया। वे 127 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पहली पारी में 176 रन बनाए थे। रोहित ने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया। चेतेश्वर पुजारा 81 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वर्नोन फिलैंडर ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। रोहित ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी की। पुजारा ने 21वां अर्धशतक लगाया।