केंद्र के खिलाफ ‘आप’ ने खोला मोर्चा, सीएम केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव-प्रचार का किया शंखनाद 

नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने पुराने अंदाज में लोकसभा चुनावों २०१९ के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर मेट्रो स्टेशन पर आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के साथ दिल्ली सरकार के टकराव का खूब उल्लेख किया। केजरीवाल ने अपने सरकार की उपलब्धियों का जबरदस्त तरीके से उल्लेख किया और यह बताने की कोशिश की कि अगर उन्हें केंद्र का साथ मिलता तो वह और अधिक विकास कर पाए होते। इस तरह यह स्पष्ट हो गया कि अगले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी का एजेंडा क्या होगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता राजधानी में हो रही सीलिंग से बेहद परेशान है। अगर भाजपा के सांसद चाहते तो यह सीलिंग रुक सकती थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं चाहा इसलिए दिल्ली के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को यहां की सातों लोकसभा सीटें उन्हें सौंप दीं लेकिन अब समय आ गया है कि उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए क्या किया। अगर उन्हें दिल्ली के सांसदों का साथ मिलता तो वे ज्यादा विकास कर पाते। पार्टी ने आतिशी मार्लेना को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया है। माना जा रहा है कि वही यहां से पार्टी की उम्मीदवार होंगी। आतिशी ने भी अपने भाषण में भाजपा को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ सड़क का नाम विकास मार्ग रख देने से विकास नहीं होता। पूर्वी दिल्ली में किए गए विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए आतिशी ने कहा कि पूरी दिल्ली में यह सबसे पिछड़ा इलाका माना जाता है क्योंकि यहां के भाजपा-कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने इस जगह में कोई विकास नहीं किया। अगर ऐसा किया होता तो यहां के लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए केंद्रीय या मध्य दिल्ली की तरफ जाने की जरुरत न पड़ती। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आतिशी मार्लेना शिक्षा सलाहकार के पद पर काम कर रहीं थीं और बहुत उपयोगी सुझाव दे रहीं थीं, लेकिन उनके सुझावों से घबराकर साजिश के तहत उन्हें हटाया गया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीनगर के इस चुनाव कार्यालय में जल्दी ही इस क्षेत्र की सांसद बैठेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *