मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के मुंबई अध्यक्ष पद पर विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा को नियुक्त किया गया है। वे 25 साल से विधायक हैं। राजनीति में बेदाग एवं मजबूत छवि वाले विधायक के रूप में विख्यात लोढ़ा ने इस नई जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष व गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ वे पार्टी को मजबूत बनाने एवं आगे बढ़ाने के प्रयास करेंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा में पांचवी बार सदस्य लोढ़ा सन 1995, 1999, 2004, 2009 व 2014 में मुंबई के मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं। सन 2014 के विधानसभा चुनावों में लगभग 70 हजार वोटों से जीतकर उन्होंने महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा प्रतिशत से विजय हासिल की। 18 दिसंबर 1955 को जोधपुर में जन्मे लोढ़ा जोधपुर विश्वविद्यालय से बीकॉम एलएलबी की शिक्षा लेने के बाद वे वकालात के पेशे में आ गए थे। वे जोधपुर विश्वविद्यालय के महासचिव भी रहे। छात्र जीवन में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय रहे और बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े। उनके पिता विख्यात न्यायविद् जस्टिस गुमानमल लोढ़ा 3 बार सांसद रहने के साथ राष्ट्रवाद की विचारधारा के अग्रणी लोगों में माने जाते थे। मंगल प्रभात लोढ़ा को प्रखर राष्ट्रवाद के संस्कार उन्हीं से मिले हैं। पिछले पांच सालों से वे रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी में महासचिव एवं महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। सन 1987 से लगातार कुल 9 लोकसभा चुनावों की विभिन्न जिम्मेदारियों में मुख्य भूमिका निभाकर एक सफल चुनावी रणनीतिकार के रूप में अपनी पहचान बनानेवाले लोढ़ा छात्र जीवन के दौरान जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में भी सक्रिय सहभागी रहे। वे सन 1981 में मुंबई आए और कंस्ट्रकशन का व्यवसाय स्थापित करके अपने दोनों बेटों को उसकी जिम्मेदारी सौंपने के बाद पिछले कई सालों से वे पूर्णकालिक रूप से राजनीतिक व सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा है कि पार्टी ने देश के सबसे बड़े महानगर के भाजपा अध्यक्ष की उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे सबके सहयोग से जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करेंगे।
मंगल प्रभात लोढ़ा मुंबई भाजपा के अध्यक्ष नियुक्त, ऐसा रहा है राजनीतिक सफर
Leave a comment
Leave a comment