नई दिल्ली: एक सर्वेक्षण के अनुसार भारत सबसे सस्ती सौर ऊर्जा का उत्पादन करने वाला देश है। भारत में तेजी से सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ रहा है। कुछ साल पहले तक बहुत ही कम लोग सौर ऊर्जा के बारे में जानते थे, लेकिन अब स्थिति विपरीत है। भारत में गांव से लेकर शहरों तक सौर ऊर्जा का प्रयोग किया जा रहा है।
सौर ऊर्जा उत्पादन में भारत ने एक और नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अंतर्राष्ट्रीय अक्षय ऊर्जा एजेंसी (IRENA) के सर्वेक्षण के अनुसार भारत पूरे विश्व में सबसे सस्ती सौर ऊर्जा का उत्पादन करने वाला देश बन गया है।
IRENA की तालिका को दिखाते हुए वर्ल्ड इकोनॉमी फोरम ने सौर ऊर्जा उत्पादन करने वाले 19 देशों की सूची जारी की है। सूची में सबसे महंगी सौर ऊर्जा कनाडा में उत्पादित की जाती है। इसके बाद रूस, जापान, दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया, अमेरिका आदि देशों का नाम आता है। सूची में सबसे नीचे भारत, इटली और चीन हैं। इन तीनों देशों में सबसे सस्ती सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है, जिसमें भारत सबसे आगे है।
सर्वेक्षण में कहा गया कि साल 2018 में भारत में सौर ऊर्जा पैनल लगाने की लागत में 27 फीसद की गिरावट देखी गई है। इस गिरावट का श्रेय पड़ोसी देश चीन को जाता है। भारत सस्ते दामों में चीन से सोलर पैनल खरीदता है और खाली पड़ी जमीन में सस्ती मजदूरी में इन सोलर पैनल को लगाकर तेजी से उत्पादन किया जा रहा है। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय अक्षय ऊर्जा (IRENA) एजेंसी की तालिका में सस्ते सौर ऊर्जा उत्पादन को लेकर चीन तीसरे पायदान पर है। पूरे विश्व में सबसे कहीं महंगा सौर ऊर्जा उत्पादन है तो वो कनाडा में है।