नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने रविवार को कहा कि गैर गांधी भी कांग्रेस का अध्यक्ष बन सकता है, लेकिन गांधी परिवार को पार्टी में सक्रिय रहना होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का उद्देश्य पहले गांधी मुक्त कांग्रेस और फिर कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है।
अय्यर ने कहा कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहते हैं तो अच्छा रहेगा, लेकिन उनकी इच्छाओं का भी सम्मान किया जाना चाहिए। न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि अगर गैर गांधी पार्टी का अध्यक्ष बनता है, तो भी हम पार्टी का अस्तित्व बचाए रख सकते हैं। बशर्ते कि नेहरू-गांधी परिवार पार्टी में सक्रिय रहे। संकट के वक्त वे पार्टी को संभालने में मदद कर सकते हैं।’’
राहुल को लेकर पार्टी में भ्रम की स्थिति
अय्यर ने कहा कि मीडिया को अटकलों की बजाय थोड़ा इंतजार करना चाहिए। राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपना विकल्प चुनने के लिए एक महीने का समय दिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। पार्टी नेता उनके अध्यक्ष रहने के पक्ष में है।
कांग्रेस फिर से वापसी करेगी- अय्यर
शीर्ष नेतृत्व में फेरबदल की जरूरत के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर आप सिर ही कलम कर देंगे तो धड़ फड़फड़ाने लगेगा। अय्यर ने कांग्रेस के इतिहास के कई ऐसे उदाहरण पेश किए जब गैर गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। यूएन ढेबर से लेकर ब्रह्मानंदा रेड्डी तक गैर गांधी पार्टी प्रमुख रहे। वही मॉडल अभी भी अपनाया जा सकता है। हम जानते हैं कि सोनिया गांधी संसदीय दल की प्रमुख हैं और राहुल गांधी संसदीय दल का हिस्सा हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि राहुल गांधी हों या कोई और पार्टी फिर से वापसी करेगी।