यह मामला मालाबार हिल का है। यहां रहने वाली महिला पेशे से वकील है। महिला ने बताया कि उसने पिछले हफ्ते खुद देखा कि उसका घरेलू नौकर उसके साढ़े चार के बेटे को गलत तरीके से छू रहा है। उन्होंने नौकर को फटकार लगाई। महिला ने अपने पति और ससुर से शिकायत की और नौकर को निकालने को कहा।
पॉक्सो ऐक्ट की धाराओं में केस दर्ज
महिला की शिकायत के बाद भी उसके पति, सास और ससुर ने उसकी बात का यकीन नहीं किया। उन्होंने नौकर को घर में काम पर बनाए रखा। उन्होंने महिला का यकीन नहीं किया, जिसके बाद महिला ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला लिया। महिला ने थाने में अपने नौकर, पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि चारों के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। विशेषज्ञों की मानें तो पॉक्सो अधिनियम के तहत, अपराध की रिपोर्ट करना और शिकायत दर्ज करना अनिवार्य है। ऐसा न करने वाले किसी भी व्यक्ति को छह महीने की जेल या जुर्माने का प्रावधान है।