बिहियां कांड के दोषियों के फेसबुक एकाउन्ट खंगाल रही पुलिस, 50 से ज्यादा लोगों पर नजर

भोजपुर (ईएमएस)। भोजपुर के बिहियां में महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना में पुलिस ने अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। 50 से ज्यादा लोगों की अब भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में जिन 17 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में से 15 लोगों को जेल भेज दिया गया है। जांच अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अभी बहुत लोगों की गिरफ्तारियां होनी हैं। बिहियां के थानेदार रविन्द्र कुमार ने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि कोई उपद्रवी बच नहीं सके। दो लोगों को बिहियां पुलिस ने मंगलवार की शाम गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ जारी है, जबकि 15 को आरा जेल में शिफ्ट किया गया है।
पुलिस उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए उनके फेसबुक आईडी भी सर्च कर रही है। दरअसल पुलिस को फेसबुक आईडी से ही दो उपद्रवियों के राजनीतिक संबंधों का खुलासा हुआ है। जांच टीम के एक अधिकारी से जब यह पूछा गया कि क्या कौशल यादव वास्तव में राजद का नेता है या इस घटना को राजनीतिक रंग देने के लिए यह बात कही जा रही है, तो अधिकारी ने उसकी कई तस्वीरें दिखाई, जिसमें वह राजद के कार्यक्रम में शामिल है।
पुलिस के मुताबिक एक और आरोपी सोनू यादव भी राजद के कार्यकर्ता है, लेकिन पार्टी के स्थानीय नेता मामले की गम्भीरता को देख इस बात से भी नकार रहे हैं। पुलिस ने अब तक बिहियां के अलावा दामोदरपुर से भी कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। दामोदरपुर उस युवक का गांव है, जिसके शव मिलने के बाद बिहियां में उपद्रव शुरू हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *