साउथैम्पटन: भारत ने वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। उसने साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम पर खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 50 ओवर में 9 विकेट पर 227 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 47.3 ओवर में 4 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। वे 122 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के की मदद से 128 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। उनका यह 23वां वनडे इंटरनेशनल शतक है।
रोहित वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीयों में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। सौरव गांगुली 22 शतक के साथ चौथे नंबर पर हैं। उनका वर्ल्ड कप में यह दूसरा शतक है। उन्होंने पहला शतक 2015 में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। तब उन्होंने 137 रन की पारी खेली थी।
ऑस्ट्रेलिया के बराबर पहुंचा भारत
रोहित ने वर्ल्ड कप में भारत की ओर से 26वां शतक लगाया। यह वर्ल्ड कप का कुल 168वां शतक है। भारत टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गया। उसने ऑस्ट्रेलिया के 26 शतक की बराबरी की।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शिखर धवन के रूप में उसका पहला विकेट छठे ओवर की पहली गेंद पर गिर गया था। धवन के बाद रोहित और विराट ने दूसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। फेहलुकवायो ने दोनों की साझेदारी तोड़ी।