30 मई 2019 को नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद एनडीए की दोबारा सत्ता में वापसी हो रही है। पीएम मोदी एनडीए की ओर से पहले ऐसे व्यक्ति होंगे, जो दो बार प्रधानमंत्री बनेंगे। 30 मई यानी गुरुवार को शाम सात बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति भवन में पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। लोकसभा चुनाव में एक-दूसरे पर तीखे हमले के बाद विपक्षी नेताओं को न्योता दिया गया है, साथ ही सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह में बिम्सटेक देशों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है। तो चलिए जानते हैं अब तक हुए विभिन्न प्रधानमंत्रियों के बारे में कुछ रोचक तथ्य…
पंडित जवाहरलाल नेहरू 1947 से स्वतंत्रता के बाद से सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले भारतीय प्रधानमंत्री थे। उनकी मृत्यु 27 मई 1964 में हुई थी, तब वे प्रधानमंत्री ही थे।
पंडित जवाहरलाल नेहरू की मौत के बाद गुलजारी लाल नंदा भारत के कार्यकारी प्रधानमंत्री बने। हालांकि, नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री की मृत्यु के बाद गुलजारी लाल नंदा ने कुल दो बार कार्यकारी प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी।
इंदिरा गांधी 24 जनवरी, 1966 को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। 1999 में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) द्वारा आयोजित एक चुनाव में इंदिरा गांधी को “मिलेनियम की महिला” नाम दिया गया था।
भारत की प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी भारत रत्न प्राप्त करने वाली पहली महिला थीं। 2011 में इन्हें बांग्लादेश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘बांग्लादेश स्वाधीनता सम्मन’ से भी सम्मानित किया गया था।
देश में पहले गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्री होने का तमगा मोरारजी देसाई को जाता है। दरअसल, 24 मार्च, 1977 को मोरारजी देसाई भारत के पहले गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्री बने थे। मोरारजी देसाई अपना कार्यकाल पूरा किए बिना इस्तीफा देने वाले भी पहले प्रधान मंत्री थे।
मोरारजी देसाई एकमात्र भारतीय प्रधान मंत्री हैं जिन्हें पाकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, निसान-ए-पाकिस्तान से सम्मानित किया गया है।
राजीव गांधी सबसे कम उम्र के भारतीय प्रधान मंत्री थे, उन्होंने 40 साल की उम्र में ही प्रधानमंत्री के पद को संभाला था। इसके अलावा, राजीव गांधी 7, रेस कोर्स में रहने वाले भारत के पहले प्रधान मंत्री थे।
पी.वी. नरसिम्हा राव दक्षिण भारत से आने वाले पहले प्रधानमंत्री थे।
जेडीएस प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा भारत के पहले प्रधानमंत्री थे जो राज्यसभा के सदस्य थे।
डॉ. मनमोहन सिंह भारत में सबसे लंबे समय से सेवा करने वाले प्रधानमंत्री थे जो राज्य सभा (2004-2014) के सदस्य थे।
Thanks:www.livehindustan.com