जयपुर (ओडिशा): स्प्रिंटर दुती चंद के समलैंगिक रिश्ते में होने के खुलासे के बाद उनसे और उनके परिवार के बीच रिश्ते बिगड़ गए हैं। हालांकि, इस बीच सोमवार को दुती की बड़ी बहन सरस्वती ने दावा किया कि स्प्रिंटर की पार्टनर ने संपत्ति और धन हड़पने के लिए दुती पर ‘दबाव डाला और ब्लैकमेल’ किया।
सरस्वती ने सरकार से दुती की सुरक्षा की गुहार लगाई
- सरस्वती खुद भी एथलीट हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत ही दुख के साथ कह रही हूं कि दुती ने जो फैसला लिया है वह उसका अपना नहीं है। उसकी पार्टनर और उसके परिवार ने दुती पर शादी के लिए दबाव डाला और ब्लैकमेल किया है। यह सब दुती की संपत्ति और धन हड़पने के लिए किया गया है।’
- सरस्वती ने कहा, ‘दुती का जीवन और संपत्ति खतरे में है, इसलिए मैं सरकार से उसकी सुरक्षा और हिफाजत की गुहार लगाती हूं।’ दुती ने स्वीकार किया है कि वे एक लड़की के साथ रिश्ते में हैं। सार्वजनिक तौर पर समलैंगिक रिश्ते की बात स्वीकारने वाली वे भारत की पहली एथलीट हैं।
- सरस्वती ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘उनकी बहन का ध्यान खेल से भटकाने के लिए जाल में फंसाया गया है।’ यह पूछने पर कि क्या दुती के रिश्ते पर परिजन उनके साथ हैं। उन्होंने कहा, ‘वह बालिग है। यह उसका फैसला है कि वह लड़के से शादी करे या लड़की से। लेकिन दुती को यह सब कहने के लिए दबाव डाला गया। अन्यथा शादी के बारे में बाद में चर्चा की जा सकती थी।’
- उन्होंने कहा, ‘वे लोग जो कह रहे हैं कि दुती की सफलता में उनकी भूमिका है, वे दोषी हैं। ये वे लोग हैं, जो उसे खेलों से भटका कर विवादों में घसीट रहे हैं। उसे जाल में फंसाया गया है। 2020 ओलिंपिक और वर्ल्ड चैम्पियनशिप पर ध्यान केंद्रित करने की बजाय उसे इसमें घसीटा जा रहा है। हर सरकारी विभाग उसे खेलों के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।’
- सरस्वती मानती हैं, ‘जब कोई बच्चा आगे बढ़ता है, तो परिजन खुश होते हैं। उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ती है और लोग माता-पिता को भी बधाई देते हैं। इसके विपरीत, यदि कोई बच्चा गलत काम करता है तब सिर्फ परिवार ही जिम्मेदारी लेता है।’